स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर महानगर कांग्रेस ने सरकार का पुतला जलाया
महानगर कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था व बदहाली के आरोप लगाते हुए भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार का पुतला दहन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि विदेश में छवि चमकाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों भारतीयों के जीवन से खिलवाड़ किया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। महानगर कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था व बदहाली के आरोप लगाते हुए भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार का पुतला दहन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि विदेश में छवि चमकाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों भारतीयों के जीवन से खिलवाड़ किया है। अगर छह करोड़ से ज्यादा वैक्सीन विदेशों को निर्यात नहीं की जाती तो आज न जाने कितने देशवासियों की जिंदगियों को बचाया जा सकता था।
मंगलवार दोपहर 12 बजे राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन परिसर में एकत्र हुए कार्यकर्त्ताओं को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कोरोना जैसी महामारी में भी भाजपा और भाजपा के लोग राजनीति कर रहे है।
एक तरफ सरकार कह रही है कि 18 से 44 वर्ष की आयु वालों को वैक्सीन अभी नहीं लगेगी, जबकि भाजपा के पदाधिकारी सरकार के बयान को दरकिनार कर जगह-जगह वैक्सीनेशन कैंप लगा रहे हैं। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार, जिला अध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण, अर्जुन सोनकर, अरुण शर्मा, नीरज नेगी, युवा कांग्रेस महासचिव संदीप चमोली, अविनाश मणि, प्रियांश छाबड़ा, पुनीत सिंह आदि मौजूद थे।
कांग्रेस ने लगाया बैनर, बना चर्चा का विषय
दिल्ली के बाद अब देहरादून में भी मोदी सरकार के खिलाफ बैनर वार शुरू हो गया है। यहां राजपुर रोड पर कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक बैनर लगाया गया है। जिसके माध्यम से कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से पूछा है कि मोदी जी हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दी। यह बैनर मंगलवार को दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा। इस बैनर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा का नाम अंकित है। बता दें कि, दिल्ली में भी कुछ इसी तरह के बैनर लगाए गए हैं। वहां ऐसे बैनर लगाने वालों के खिलाफ पुलिस गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है। प्रदेश सरकार का भी कहना है कि सरकार की छवि धूमिल करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी तरफ, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वह गिरफ्तारी की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। इस संबंध में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि बैनर लगाने वाले वालों की गिरफ्तारी करने से सवाल नहीं दबते। मोदी सरकार को बताना होगा कि आखिर देश से छह करोड़ कोरोना वैक्सीन विदेश क्यों भेजी गई। उन्होंने कहा कि देश में रोजाना कोरोना संक्रमण से सैकड़ों लोग जान गंवा रहे हैं। इस मामले में उत्तराखंड की स्थिति और भी खराब है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।