पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जागरण संवाददाता ऋषिकेश अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की जयंती मनाई गई।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश :
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की जयंती मनाई गई। इस दौरान महासभा सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रविवार को हरिपुरकलां में गौरा देवी की जयंती पर महासभा ने उनको श्रद्धा सुमन अर्पित किए। महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि चिपको आंदोलन के जरिए पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने वाली गौरा देवी का नाम इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में सदैव अंकित रहेगा। उन्होंने कहा कि चिपको आंदोलन पर्यावरण सुरक्षा का आंदोलन था, जिसमें किसानों ने वृक्षों की कटाई का विरोध किया था। पेड़ों को बचाने के लिए महिलाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना वह ठेकेदारों से लड़ जाती थीं। गौरा देवी के अद्भुत साहस से इन सभी महिलाओं में भी शक्ति का संचार हुआ और महिलाएं पेड़ों से चिपक गई। डॉ. नेगी ने कहा कि गौरा देवी ने चिपको आंदोलन के जरिए पर्यावरण संरक्षण और जंगलों के अवैध दोहन को रोकने के अनूठे आंदोलन से देश को पूरी दुनिया में पहचान दिलाई थी। इस मौके पर पंचायत सदस्य मुकेश गोनियाल, समाज सेवी विक्रांत भारद्वाज, डॉ. राजन बडोनी,सूरज गोनियाल,राहुल सिलस्वाल, सुनील जुगलान, मनमोहन नेगी, दीपक जुगलान, तरुण त्यागी उपस्थित थे।