यादों में हमेशा रहेंगे जिंदा: जनरल बिपिन रावत के नाम पर ऋषिकेश में बनेगा स्मृति द्वार, महापौर ने किया एलान
सीडीएस जनरल विपिन रावत की स्मृति को चिरस्थाई बनाने के लिए नगर निगम ऋषिकेश उनकी स्मृति में द्वार का निर्माण कराएगा। महापौर अनीता ममगाईं ने घोषणा की है। इसके लिए महापौर ने निगम के पार्षदों और अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। उत्तराखंड के गौरव भारत के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की याद को चिरस्थाई बनाने के लिए नगर निगम ऋषिकेश उनकी स्मृति में द्वार का निर्माण कराएगा। देश के दिंवगत सर्वोच्च सैन्य अधिकारी के नाम पर नाम गढ़वाल मंडल तथा चार धाम यात्रा के प्रवेश द्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश में नगर निगम की सीमा के प्रारंभ स्थल ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर स्मृति द्वार बनाए जाने की महापौर अनिता ममगाईं ने घोषणा की है। इसके लिए महापौर ने निगम के पार्षदों तथा अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण भी किया।
भारत के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी सीडीएस बिपिन रावत की हेलीकाप्टर दुर्घटना में आकास्मिक निधन के बाद श्रद्धांजलि देने का दौर जारी है। वहीं दूसरी ओर ऋषिकेश नगर निगम महापौर, पार्षदों एवं अधिकारियों ने जनरल रावत की शौर्यगाथा को अमिट बनाने के लिए नगर निगम सीमा के प्रारंभिक स्थल ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर उनके नाम से भव्य स्मृति द्वार बनाए जाने का निर्णय लिया है।
महापौर अनीता ममगाईं ने बताया कि तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकाप्टर में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बल के अन्य अधिकारियों के निधन से देश शोकाकुल है। उत्तराखंड को अपने इस सपूत पर हमेशा गर्व रहेगा। देश के लिए बलिदान देने वाले हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं लेकिन आने वाली पीढियां उन्हें याद रख सकें यह हम सबका दायित्व है। देश की सुरक्षा में उन्होंने महान योगदान दिया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा लिए गए साहसिक निर्णयों एवं सैन्य बलों के मनोबल को सदैव ऊंचा बनाए रखने के लिए उनके योगदान को देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम भी श्रद्धांजलि स्वरूप सीडीएस रावत के नाम पर भव्य स्मृति द्वार का निर्माण करायेगा।
इसके लिए अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्रवाई के लिए निर्देशित कर दिया गया है। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त एलम दास, सहायक अभियंता आनंद मिश्रवान, पार्षद विजय बडोनी, लक्ष्मी रावत, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, विपिन पंत, विजेंद्र मोगा, जयेश राणा, गुरविंदर सिंह, अनिता प्रधान, राजेश भट्ट, पंकज शर्मा, अशोक पासवान,सुनील उनियाल, मदन कोठरी, अनिकेत गुप्ता, विकास सेमवाल, हरीश रतूड़ी, राजेश नोटियाल, परीक्षित मेहरा, गौरव कैंथोला, शीलू अग्रवाल आदि शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- सीडीएस बिपिन रावत की अंतिम विदाई पर रोया उत्तराखंड, जांबाज को अर्पित की श्रद्धांजलि