राम मंदिर पर सियासत न करे भाजपा: मनीष तिवारी
कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि यह मसला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। सभी जानते हैं कि सबकुछ न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगा।
देहरादून, जेएनएन। कांग्रेस ने भाजपा को नसीहत दी है कि राम मंदिर निर्माण पर सियासत न करे। कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि यह मसला सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन है। सभी जानते हैं कि सबकुछ न्यायालय के निर्णय पर निर्भर करेगा। उन्होंने सवाल उठाया कि फिर भाजपा राम मंदिर पर सियासत क्यों कर रही है।
शनिवार को देहरादून में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मनीष तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब भी चुनाव नजदीक आता है, भाजपा को राम मंदिर की याद आने लगती है। उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर वोट की राजनीति करना उचित नहीं है। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी लोकसभा चुनाव के दौरान राम मंदिर के निर्माण की बात कही, लेकिन पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया।
जन और संघ के बीच होगी लड़ाई : झा
इसी कार्यक्रम में पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल के नेता और राज्यसभा सदस्य मनोज कुमार झा ने मोदी सरकार को अलोकतांत्रिक बताया। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता की आवाज व संघ की आवाज के बीच सीधी लड़ाई होगी। उन्होंने दावा किया कि 2019 में महागठबंधन की सरकार बनेगी।
मनीष तिवारी से मिले प्रीतम सिंह
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी के शनिवार को दून पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। वहीं मीडिया से बातचीत में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश का विकास ठप कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में मौजूद पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस से जुड़े मुद्दे पर चर्चा की। उधर, मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप मढ़े।
यह भी पढ़ें: मोहन भागवत बोले, राम मंदिर के लिए कानून बनाए सरकार
यह भी पढ़ें: राम जन्मभूमि पर मंदिर ही बनेगा कुछ और नहीं: उमा भारती