Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मनीष सिसोदिया ने कहा- मदन कौशिक दिल्ली आएं, हम दिखाएंगे काम

    By Sunil Singh NegiEdited By:
    Updated: Tue, 05 Jan 2021 03:31 PM (IST)

    दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा अगर मदन कौशिक की दिल्ली आने की इच्छा है तो वह खुशी से आएं हम वहां उन्हें अपने काम दिखाएंगे। मैं खुद उन्हें वहां के सरकारी स्कूल दिखाऊंगा जहां के बच्चे आइआइटी में चयनित हुए हैं।

    Hero Image
    सोमवार को आइआरडीटी सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। 'अगर मदन कौशिक की दिल्ली आने की इच्छा है तो वह खुशी से आएं, हम वहां उन्हें अपने काम दिखाएंगे। मैं खुद उन्हें वहां के सरकारी स्कूल दिखाऊंगा, जहां के बच्चे आइआइटी में चयनित हुए हैं।' ये बातें दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोमवार को आइआरडीटी सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सिसोदिया ने कहा कि मदन कौशिक दिल्ली आएं तो हम उन्हें केजरीवाल मॉडल से रूबरू कराएंगे। वहां के अस्पताल दिखाएंगे, जहां मुफ्त इलाज मिल रहा है। उन्होंने भाजपा को जोड़तोड़ वाली पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। इसे जनता समझ चुकी है और जल्द ही भाजपा को इसका जवाब भी देगी। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कह रहे हैं कि कांग्रेस के आधे से ज्यादा विधायक उनके संपर्क में हैं। इससे पता चलता है कि जनता को कैसे ये राजनीतिक पार्टियां बरगला रही हैं। जनता कांग्रेस को वोट देती है, लेकिन भाजपा जोड़तोड़ से सरकार बना लेती है। यह भारतीय राजनीति के लिए घातक है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया, प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर, प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया बेग, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित एस. रावत समेत अन्य मौजूद रहे।

    सीएम के चेहरे से प्रभावित होगी जनता

    सिसोदिया ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आप उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के लिए स्थानीय चेहरा ही लेकर आएगी। मुख्यमंत्री के चेहरे से उत्तराखंड की जनता प्रभावित होगी। समय आने पर चेहरे को सार्वजनिक किया जाएगा।

    स्टिंग पर भाजपा-कांग्रेस में सेटिंग

    मनीष सिसोदिया ने भाजपा और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों ने स्टिंग पर सेटिंग कर ली है कि तुम हमारे स्टिंग पर कुछ मत बोलो, हम तुम्हारे पर कुछ नहीं बोलेंगे। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि इस सरकार में मुख्यमंत्री भले ही भाजपा का है, मगर मंत्री कांग्रेस के हैं। इसीलिए विकास की गाड़ी आगे नहीं बढ़ पा रही।

    2022 की तैयारी करें कार्यकर्त्‍ता

    दिल्ली लौटने से पहले मनीष सिसोदिया ने पार्टी के कार्यकत्र्ताओं से 2022 के चुनाव की तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम आप होगा। कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार से दुखी प्रदेशवासी आप के दिल्ली मॉडल को देखकर पार्टी को स्नेह दे रहे हैं। आप प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

    अन्ना का आशीर्वाद हमारे साथ

    अन्ना हजारे को धोखा देकर पार्टी बनाने के सवाल पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि अन्ना हजारे का आशीर्वाद हमारे साथ है। इस तरह की बातें वही लोग कर रहे हैं, जिन्होंने जनहित में कोई कार्य नहीं किया।

    वैक्सीन पर न हो राजनीति

    प्रधानमंत्री और उनकी कैबिनेट को पहले वैक्सीन लगने के सवाल पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि कोरोना वैक्सीन पर किसी तरह की राजनीति न हो। हम अपने देश के विज्ञानियों के आगे नतमस्तक हैं, जिन्होंने इतने कम समय में वैक्सीन तैयार कर ली। उन्होंने कहा कि सबसे पहले टीका उन्हीं को लगना चाहिए, जो फ्रंट पर रहकर संक्रमित मरीजों का जीवन बचाने का कार्य कर रहे हैं।

    दिल्ली आने से किसी को नहीं रोका

    एक सवाल के जवाब में सिसोदिया ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान हमने किसी को भी दिल्ली आने से नहीं रोका। जो प्रशासनिक व्यवस्था सभी राज्यों ने की थी, दिल्ली ने भी उसी पर अमल किया।

    ट्विटर पर होता रहा ट्रेंड

    विकास कार्यों पर खुली बहस के लिए मदन कौशिक के आइआरडीटी सभागार नहीं पहुंचने की खबर जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर पहुंची, ट्विटर समेत अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। कुछ ही देर में ट्विटर पर कई हैशटैग ट्रेंड कर गए। हालांकि, शाम को यह ट्रेंड से बाहर हो गए।

    यह भी पढ़ें- आम आदमी पार्टी के नेताओं को जवाब देने लायक नहीं समझती भाजपा, कहा- आप का उत्तराखंड में नहीं कोई