मनीष चौहान दूसरी बने टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष
संवाद सूत्र त्यूणी नया बाजार त्यूणी के गुतियाखाटल में बावर जनजाति जीप टैक्सी कल्याण एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
संवाद सूत्र, त्यूणी: नया बाजार त्यूणी के गुतियाखाटल में बावर जनजाति जीप टैक्सी कल्याण एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान यूनियन से जुड़े से सभी सदस्यों ने रायशुमारी के बाद सैंज निवासी मनीष चौहान को लगातार दूसरी बार टैक्सी एसोसिएशन का निर्विरोध अध्यक्ष चुना। इसके अलावा अन्य पदों पर भी चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए। नवनियुक्त अध्यक्ष ने पर्वतीय क्षेत्र में टैक्सी यूनियन की समस्याएं दूर करने को सभी से सहयोग मांगा।
जौनसार-बावर के सीमांत नया बाजार त्यूणी में बावर जनजाति जीप टैक्सी कल्याण एसोसिएशन से जुड़े करीब डेढ़ सौ वाहन चालकों ने नई कार्यकारिणी के गठन को गुतियाखाटल मैदान में बैठक की। इस दौरान टैक्सी यूनियन ने प्रमुख बिदुओं पर चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी के चुनाव की प्रक्रिया शुरु की। जिसमें सभी की रायशुमारी से मनीष चौहान लगातार दूसरी बार टैक्सी यूनियन के निर्विरोध अध्यक्ष बने। इसके अलावा अन्य पदों पर लोकपाल चौहान को उपाध्यक्ष, भगवान सिंह राणा कोषाध्यक्ष, धीरेंद्र सिंह पंवार सचिव, देवानंद शर्मा सह-सचिव, शैलेंद्र खन्ना मीडिया प्रभारी, जयपाल राणा प्रधान और हीरा सिंह व सुनील नायक एसोसिएशन के संचालक चुने गए। जबकि मुख्य कार्यकारिणी में छज्जूराम, सोनू नायक, नवीन राणा, परमेश खुराना, छोटू नेगी, शंकर शाही व दीवान राणा सदस्य नामित हुए। त्यूणी में टैक्सी यूनियन के चुनाव निर्विरोध संपन्न होने की खुशी में सभी वाहन चालकों ने बड़ी सादगी से कोविड-19 के नियमों का पालन कर मिठाई बांटी। नवनियुक्त अध्यक्ष मनीष चौहान ने कहा उनका प्रयास सभी के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्र के विभिन्न रूट पर अपनी सेवाएं दे रहे वाहन चालकों की प्रमुख समस्याएं दूर करना करना है। जिसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।