Makar Sankranti 2021: मकर सक्रांति स्नान को त्रिवेणी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस jमुस्तैद
Makar Sankranti 2021 मकर सक्रांति स्नान पर तीर्थनगरी की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट में तड़के से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। सैकड़ों श्रद्धालु यहां आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। धूप निकलने के साथ ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ गई है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। Makar Sankranti 2021 मकर सक्रांति स्नान पर्व पर तीर्थनगरी की हृदय स्थली त्रिवेणी घाट में तड़के से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं। सैकड़ों श्रद्धालु यहां आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। धूप निकलने के साथ ही गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ गई है। त्रिवेणी घाट में मुख्य रूप से ऋषिकेश और आसपास क्षेत्र से श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। कोतवाली पुलिस ने अपने ट्रैफिक प्लान में यह तय किया था कि जैसे-जैसे भीड़ बढ़ेगी उसी हिसाब से ट्रैफिक प्लान भी परिवर्तित कर लागू किया जाता रहेगा। हालांकि, गुरुवार को बाजार में साप्ताहिक बंदी होती है, जिस कारण दुकानें नहीं खुली है। बावजूद इसके बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है।
उत्तरायण होते सूर्य को धर्म और विज्ञान दोनों ही दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना गया है। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट सहित मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम और लक्ष्मण झूला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सर्दी के बीच श्रद्धा का सैलाब गंगा के घाट पर साफ नजर आ रहा।
यहां बड़ी संख्या में ब्रह्म मुहूर्त पर स्थानीय श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से यहां पुलिस और जल पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था है। वर्तमान में त्रिवेणी घाट में घाट का मरम्मत कार्य और पुनःनिर्माण चल रहा है। प्रशासन के निर्देश पर यहां गंगा की धारा में पर्याप्त जल की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु स्नान के बाद यहां निराश्रित लोगों को दान पुण्य कर रहे हैं।
धूप निकलने पर बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पुलिस ने त्रिवेणी घाट जाने वाले मुख्य मार्गों जयराम आश्रम चौराहा, घाट चौराहा, मुखर्जी मार्ग, मायाकुंड मार्ग सभी जगह बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों का प्रवेश रोक दिया है। यहां से सिर्फ दुपहिया वाहन, बीमार और बुजुर्गों को ले जाने वाले चौपहिया वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। गढ़वाल मंडल से त्रिवेणी घाट में कई देव डोलिया भी स्नान के लिए लाई गई है।
त्रिवेणी घाट का पूरा माहौल मकर सक्रांति और कुंभ के रंग में रंगा हुआ है। यहां श्री गंगा सभा ने श्रद्धालुओं के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों के जरिए सूचना जारी करने की व्यवस्था की है। इसके अतिरिक्त यहां कई धार्मिक संस्थाएं श्रद्धालुओं को खिचड़ी और चाय उपलब्ध करा रही हैं।
दान पुण्य के महत्व को देखते हुए पूरे त्रिवेणी घाट पर जगह-जगह भिक्षुक की संख्या भी बढ़ गई है, जिन्हें कतार में बिठाकर व्यवस्था बनाई गई है। उधर, लक्ष्मण झूला और स्वर्गाश्रम समेत मुनिकीरेती के घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। जानकीपुल और राम झूला पर श्रद्धालुओं की अच्छी आमद बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- कोरोना और कड़ाके की ठंड भी नहीं डिगा पाई आस्था, खचाखच भरे गंगा घाट; तस्वीरों में देखें आस्था के विभिन्न रंग