प्रेमी ने पत्नी तो प्रेमिका ने पति को मृत बता रचा ली शादी
एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तो महिला ने अपने पति को मृत बताकर आपस में शादी कर ली। पत्नी, पति और बच्चों से धोखाधड़ी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
देहरादून, [जेएनएन]: थाना प्रेमनगर में एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को तो महिला ने अपने पति को मृत बताकर आपस में शादी कर ली। पत्नी, पति और बच्चों से धोखाधड़ी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। बेटी को जब इस बात का पता चला तो उसने पिता व उक्त महिला के खिलाफ प्रेमनगर थाने में तहरीर दे दी। जिस पर पुलिस ने आरोपित पिता, महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसओ प्रेमनगर मुकेश त्यागी ने बताया कि कांसवाली कोठरी मांडूवाला निवासी प्रियंका रानी पुत्री बलवीर सिंह ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसके पिता बलवीर सिंह पुत्र श्यामलाल ने रीना निवासी ग्राम क्यारी उत्तरकाशी से शादी कर ली। जबकि उसकी मां जीवित हैं।
बताया कि दोनों ने कोर्ट में झूठा शपथ पत्र दिया है। पिता ने उसकी मां, जबकि महिला ने अपने पति को मृत दर्शाया है। महिला का पति भी अभी जिंदा है। आरोप लगाया कि धोखाधड़ी से दूसरी शादी करने के बाद उसके पिता अब उसी महिला के साथ रह रहे हैं।
आरोप है कि उनके इस कृत्य में तारा देवी निवासी क्यारी उत्तरकाशी, बबलू पुत्र रणजीत निवासी कांसवली, विशाल पुत्र राजेंद्र ने पूरा साथ दिया और झूठी गवाही दी। तहरीर के बाद पुलिस ने नामजद सभी आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: साथ रहने पर अड़ीं दो समलैंगिक महिलाएं, पुलिस से मांगी मदद
यह भी पढ़ें: युवती पक्ष ने बरात को आने से किया मना, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
यह भी पढ़ें: दूल्हा हुआ अचानक बीमार, दुल्हन ने शादी से कर दिया इन्कार