अपणु पहाड़, अपणी संस्कृति के बहाने टटोला मन
पहाड़ की संस्कृति और विकास के बहाने नेता प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप दावेदारी पेश करने लगे हैं। शनिवार को आयोजित अपणु पहाड़, अपणी संस्कृति में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने भी विकास के लिए एकजुट होने की अपील की।
जागरण संवाददाता, देहरादून: पहाड़ की संस्कृति और विकास के बहाने नेता प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लोकसभा की दावेदारी जताने लगे हैं। शनिवार को अपणु पहाड़, अपणी संस्कृति मंच के कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने पहाड़ की पीड़ा संसद तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान जाति, क्षेत्र, पार्टी से ऊपर उठकर विकास के लिए एकजुट होने की अपील की गई।
पौड़ी लोकसभा क्षेत्र के चमोली, रुद्रप्रयाग आदि जिलों के हजारों लोग शनिवार को जोगीवाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में जुटे। इस दौरान पहाड़ से पलायन पर चिंता जताते हुए अप्रवासियों ने विकास के लिए एकजुट होने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि पहाड़ को छोड़कर हम लोग मैदानी क्षेत्रों में बस रहे हैं। इससे हमारी संस्कृति और परंपराएं प्रभावित हो रही हैं। इसके लिए जरूरी है कि हमें अपनी माटी से जुड़ना होगा। युवाओं से स्वरोजगार अपनाकर अपने पहाड़ को न छोड़ने की अपील की गई। वहीं नेताओं पर कभी कटाक्ष तो कभी भावुक हुए भंडारी ने कहा कि अब विकास के लिए हल्ला बोल कार्यक्रम करना होगा। इसके लिए जरूरी है कि पहाड़ से चुना जाने वाला नेता पहाड़ की समझ रखे। तभी वह पंचायत के पार्षद से लेकर लोकसभा तक जनता की समस्याएं रख सकता है। इशारों में भंडारी अपने पौड़ी संसदीय सीट पर दावेदारी को भी हवा दे गए। इस मौके पर मंच के अध्यक्ष प्रवीण पुरोहित, संरक्षक कुलदीप रावत, आशीष राणा, सचिव अंकुर रौथाण, मोहन वशिष्ट, गिरीश पुरोहित, रमेश पुरोहित, राकेश रंजन, जयदीप भंडारी, पुष्पा पंवार, पूनम पुरोहित, दिनेश जोशी, नागेंद्र आदि मौजूद रहे। किशन और हेमा के गीतों पर झूमे लोग
इस मौके पर लोक गायक किशन महिपाल के घुघुती., गायिका हेमा करासी, बीरू जोशी, विक्रम आदि ने रंगारंग प्रस्तुति देते हुए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। गीत और नृत्य की एक के बाद एक प्रस्तुति पर कार्यक्रम में मौजूद लोग भी खूब झूम उठे। इस दौरान पौंणा नृत्य और चमोली के नीति घाटी की पारंपरिक परिधनों में सजी महिलाएं भी आकर्षण का केंद्र रही। परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री को बुलाएंगे
मंच ने कहा कि अभी पहला कार्यक्रम था। जल्द लाखों की संख्या में लोग दून में जुटेंगे। इसके लिए परेड ग्राउंड में आयोजन होगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री को भी आमंत्रित किया जाएगा। ताकि पहाड़ की पीड़ा बन चुकी पलायन के कारणों पर सरकार से बात रखेंगे। इस में समिति को जमीन देने समेत भावी कार्यक्रमों की भी घोषणा की जाएगी। वीसी को बताया कुबेर
कार्यक्रम में पहुंचे श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. यूएस रावत को पूर्व मंत्री भंडारी ने कुबेर की उपाधि दी। कहा कि अब पैसे की कोई दिक्कत नहीं है। हमारे बीच जब धनकुवेर खुद चलकर आए तो अब पैसे की कोई कमी नहीं होगी। इस मौके पर वीसी यूएस रावत, मोहन खत्री, कुसुम चौधरी, रवि रावत, मोहन प्रसाद सती, राकेश पुरोहित आदि को सम्मानित किया गया। प्रीतम बोले, दावेदारी में कोई हर्ज नहीं
मंच के कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हुए। लोकसभा चुनाव के लिए इस तरह के कार्यक्रमों से दावेदारी पर पूछे गए सवाल पर प्रीतम ने कहा कि अपनी लोकसभा क्षेत्र से दावेदारी करने में कोई हर्ज नहीं है। अंतिम निर्णय हाईकमान को लेना है। उन्होंने कहा कि बहाना चाहे जो भी हो, लेकिन अपनों को एकजुट करने का यह मौका अच्छा है।