लोहड़ी के रंग में रंगा उत्तराखंड, ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर थिरके लोग
उत्तराखंड में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सभी ने सामूहिक पूजन कर एक दूसरे के संग खुशियां बांटी।
देहरादून, जेएनएन। जागरण संवाददाता, देहरादून : सुंदरिये, मुंदिरये तेरा कोण विचारा, दूल्हा भट्टी वाला हो के गीतों की गूंज रविवार को द्रोणनगरी में सुनाई दी। मौका था उमंग और उल्लास के पर्व लोहड़ी का। पर्व पर पंजाबी समुदाय के लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर जमकर थिरके। विधि-विधान से लोहड़ी जलाई गई साथ ही मूंगफली, गुड़ और रेवड़ी का प्रसाद बांट कर लोगों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दी गई।
दून में जगह-जगह पंजाबी समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से लोहड़ी जलाई और परिक्रमा कर प्रसाद बांटा। पारंपरिक परिधान पहने महिलाओं ने गिद्दा और पुरुषों ने भांगड़ा कर लोहड़ी का जश्न मनाया। क्षत्रिय चेतना मंच कल्याण संस्था की ओर से ननूरखेड़ा में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष ठाकुर मोहन सिंह चौहान, संकल्प शिक्षण कल्याण समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता रवि सिंह नेगी ने लोहड़ी का महत्व बताया। इस दौरान शशिकांत शाही, महेश रौथाण, देवेंद्र पुंडीर, श्याम यादव, सुरेंद्र सिंह तोमर, अशोक वर्धन आदि मौजूद रहे। पटेलनगर श्यामसुंदर मंदिर, रेसकोर्स में भी लोगों ने सामूहिक रूप से लोहड़ी जलाकर पंजाबी गीतों पर नृत्य किया। प्रेमनगर में विंग नंबर पांच में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों ने धूमधाम से लोहड़ी मनाई। रेवड़ी और मूंगफली बांटकर लोकनृत्य किया गया। इस दौरान मोनू सचदेव, रीना सचदेवा, हरविंद्र नरुला, विरेंद्र पाल डिंपी, दिनेश उनियाल आदि मौजूद रहे।
निरंजनपुर में रही पर्व की रौनक
केशव विहार जन कल्याण समिति की ओर से निरंजनपुर में लोहड़ी धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर गैर पंजाबी समुदाय ने भी इसमें बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक हरबंश कपूर ने लोगों को लोहड़ी की बधाई दी। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लो, शांति कर्णवाल, मोहम्मद फारुख, विनोद सैनी, सुबोध रतूड़ी, सुधीर शर्मा, विवेक कुमार, जेपी सिंह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: कुश कल्याणी से देखिए अस्ताचलगामी सूर्य का अद्भुत नजारा
यह भी पढ़ें: लोगों की पसंद बन रहे उत्तराखंड के पारंपरिक गहने, जानिए