सत्ता पक्ष के साथ बैठे नजर नहीं आए चैंपियन
भाजपा से निष्कासित हरिद्वार जिले के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अब सत्ता पक्ष के साथ बैठे नजर नहीं आएंगे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
भाजपा से निष्कासित हरिद्वार जिले के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अब सत्ता पक्ष के साथ बैठे नजर नहीं आएंगे। भाजपा नेतृत्व से उनके निष्कासन की सूचना मिलने के बाद पीठ ने सदन में उनके लिए बैठने को अलग स्थान तय कर दिया। इसके बाद बुधवार को चैंपियन सत्ता पक्ष से अलग बैठे नजर आए।
लगातार विवादों को देखते हुए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विधायक चैंपियन को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बावजूद इसके उनकी विधानसभा की सदस्यता पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। ऐसे में शीतकालीन सत्र में चैंपियन कहां बैठेंगे, इसे लेकर चर्चा चल रही थी। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि चैंपियन के निष्कासन की विधिवत सूचना भाजपा से विधानसभा को नहीं मिली है। लिहाजा, वे वहीं बैठेंगे, जहां पहले बैठते थे।
बुधवार को शीतकालीन सत्र में सदन की कार्रवाई शुरू होते ही विधानसभा अध्यक्ष ने सदन को जानकारी दी कि विधायक चैंपियन के भाजपा से निष्कासन की सूचना मिल गई है। इसे देखते हुए विधायक चैंपियन अब भाजपा से पृथक स्थान पर बैठेंगे। पीठ की ओर से व्यवस्था आने के बाद विधायक चैंपियन सत्ता पक्ष से अलग बैठे।