पालतू मादा स्वान की कराई जबरन नसबंदी, निजी संस्था की संचालिका पर मुकदमा
पालतू मादा स्वान की जबरन नसबंदी कराने के आरोप में पुलिस ने एक निजी संस्था की संचालिका पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
ऋषिकेश, जेएनएन। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में पालतू मादा स्वान की जबरन नसबंदी कराने के आरोप में पुलिस ने एक निजी संस्था की संचालिका पर मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, अभी तक स्वान का कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
इस मामले में शनिवार देर रात तपोवन मुनिकीरेती टिहरी गढ़वाल निवासी प्रदीप पुत्र सुरेंद्र पुंडीर निवासी ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी दो साल की पालतू मादा स्वान मौली है, जो शनिवार को घर से गायब हो गई। शाम तक जब मौली घर नहीं आई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच थीरा गेस्ट हाउस हाउस के मालिक गौरव ने उन्हें बताया कि उनकी मौली को बगल वाले गेस्ट हाउस विश्व चंदा में रहने वाली एक महिला शाम को अपने साथ ले गई थी। जिसे उन्होंने स्वयं अपने साथ ले जाते हुए देखा।
बताया कि जब वह लोग उक्त गेस्ट हाउस में गए तो महिला ने उनसे गाली-गलौज करते हुए मौली को उन्हें देने से मना कर दिया। आरोप है कि आरोपित महिला ने उनकी मौली की नसबंदी भी करा दी है। थान मुनिकीरेती पुलिस ने प्रदीप की तहरीर पर कर्मा एनिमल ट्रस्ट की संचालक हरियाणा निवासी अदिति के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया गया कि प्रारंभिक जांच में पता लगा कि अदिति हरियाणा की निवासी है, जो तपोवन में कर्मा एनिमल ट्रस्ट का संचालन कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: एयरपोर्ट से भागे दो प्रवासियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, दिल्ली से लौटे थे युवक
पुलिस के अनुसार महिला ने स्वीकार किया कि उन्होंने मौली को स्ट्रीट डॉग समझ कर उसकी नसबंदी कराई। वहीं, राजकीय पशु चिकित्सक हरि सिंह बिष्ट ने उक्त महिला के कहने पर स्वान की नसबंदी की बात स्वीकार की है। वहीं महिला ने अभी तक मौली को उसके मालिक को नहीं सौंपा है। प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी ने बताया कि जांच एसआइ अंशुल अग्रवाल को दी गयी है।
यह भी पढ़ें: अवैध रूप से उत्तराखंड में प्रवेश करते दो लोग गिरफ्तार Dehradun News