डिलीवरी ब्वॉय को वेतन न देने पर रेस्टोरेंट स्वामी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
डिलीवरी ब्वॉय को वेतन न देने के मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देहरादून, जेएनएन। डिलीवरी ब्वॉय को वेतन न देने के मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ धर्मेद्र रौतेला ने बताया है कि पंडितवाड़ी फेस-2 निवासी रोहित वर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह 19 फरवरी से नंदा की चौकी पौंधा रोड पर स्थित फूड चाचा नामक रेस्टोरेंट/किचन में नाइट डिलीवरी ब्वॉय काम करता था।
रोहित वर्मा ने बताया कि सर्दी और बारिश के खराब मौसम में उसे खाद्य पदार्थों की डिलीवरी करवाई, लेकिन रेस्टोरेंट स्वामी विजय गिरी गोस्वामी ने अभी तक वेतन नहीं दिया। पीड़ित रोहित ने बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है। चिकित्सकों ने सिजेरियन डिलीवरी लिखा हुआ है। वहीं, रेस्टोरेंट स्वामी विजय गिरी गोस्वामी ने बताया कि जिस लड़के ने शिकायत की है, उसे मार्च का वेतन दिया गया था। काम बंद होने के कारण अप्रैल महीने का वेतन नहीं दे पाया। इसलिए लड़के ने पुलिस से शिकायत की है।
कांग्रेस ने विधायक, मंत्री के खिलाफ दी तहरीर
महानगर महिला कांग्रेस ने भाजपा के एक विधायक और मंत्री के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी है। पुलिस को दी तहरीर में महिला कांग्रेस की महानगर अध्यक्ष कमलेश रमन ने कहा कि एक तरफ पूरा देश कोरोना महामारी से लड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के विधायक व मंत्री मोदी आरती बनाकर हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। कुछ लोग अपने स्वार्थ की पूर्ति के लिए भगवान को अपनी राजनीति का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक गणोश जोशी पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
दौड़वाला में महिला ने लगाई फांसी
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने फांसी लगा ली। थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि डायल 112 से सूचना मिली कि दौड़वाला में एक महिला ने खुदकशी कर ली है। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। मृतका की पहचान रितु बर्तवाल हाल निवासी दौड़वाला मूल निवासी रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। मृतका का पति फौज में है, वह वर्तमान में पिथौरागढ़ में तैनात हैं। यहां वह अपने दो बच्चों और बहन के साथ रहती थीं।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन के उल्लंघन में उत्तराखंड में 49 मुकदमे दर्ज, 386 लोग गिरफ्तार
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि दोपहर में भोजन के बाद महिला अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक कमरे से बाहर न आने पर जब स्वजनों ने दरवाजा खोला तो महिला पंखे से लटक रही थी। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: Lockdown में सुबह की सैर पर निकलना पड़ा भारी, पुलिस ने 288 लोगों को पकड़ा