कालसी-जोहड़ी मोटर मार्ग के गड्ढे दे रहे जख्म
कालसी जोहड़ी मोटर मार्ग के गडढे दे रहे घाव
कालसी-जोहड़ी मोटर मार्ग के गड्ढे दे रहे जख्म
संवाद सूत्र, कालसी : लोक निर्माण विभाग साहिया की लचर व्यवस्था के चलते कालसी-जोहड़ी मोटर मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। करीब पांच हजार की आबादी को आवागमन में मुश्किल हो रही है, लेकिन विभागीय अधिकारी ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार विभाग के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई पर अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली है। अब जल्द मार्ग ठीक नहीं कराए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
लोक निर्माण विभाग साहिया का यह मोटर मार्ग महत्वपूर्ण है। कालसी-जोहड़ी मोटर मार्ग से करीब पांच हजार की आबादी को यातायात सुविधा मिलती है। इसके साथ ही यह मोटर मार्ग तहसील मुख्यालय, कालसी बाजार, राजकीय इंटर कालेज कालसी, पोस्ट आफिस, दूरसंचार केंद्र, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, संसाधन केंद्र कालसी, ऐतिहासिक ठाकुरद्वारा को भी जोड़ता है। इसके साथ ही आम बाग, हरिजन बस्ती, पुरानी कालसी, जोहड़ी आदि के ग्रामीणों का भी यह मुख्य मार्ग है, लेकिन रोजाना अधिकारियों के गुजरने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कालसी प्रधान दिनेश चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता चौहान, भाजपा कालसी मंडल महामंत्री कुंदन सिंह चौहान, अनिल जोशी, ध्यान सिंह तोमर, मोहनलाल भट्ट, रुपानंद जोशी, कुलदीप चौहान, नरेंद्र भट्ट, सुनील चौहान, चतर चौहान आदि का कहना है कि तहसील मुख्यालय में उप जिलाधिकारी कालसी, तहसीलदार आए दिन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन उसके बाद भी मार्ग की खस्ताहालत स्थिति दूर नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। सबसे अधिक परेशानियां स्कूल के बच्चों को हो रही है। मार्ग पर साइकिल व मोटरसाइकिल से चलना खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही इस मार्ग की हालत नहीं सुधारी गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे। उधर, लोनिवि साहिया खंड के अधिशासी अभियंता प्रत्युष कुमार का कहना है कि कालसी जोहड़ी मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए प्राक्लन बनाकर शासन को भेज दिया गया है, स्वीकृत होते ही शीघ्र मार्ग का कार्य किया जाएगा।