समीक्षा में 25 आइपीएस निकले पाक साफ
राज्य ब्यूरो, देहरादून: शासन में अखिल भारतीय पुलिस सेवाओं के 25 अधिकारियों के अभिलेखों
राज्य ब्यूरो, देहरादून: शासन में अखिल भारतीय पुलिस सेवाओं के 25 अधिकारियों के अभिलेखों की समीक्षा की गई है। इसमें 15 वर्ष से अधिक की सेवा वाले 18 और पीपीएस से आइपीएस बनने वाले सात अधिकारी शामिल थे। समिति की समीक्षा में सभी अधिकारियों के रिकॉर्ड दुरुस्त पाए गए हैं। अब यह रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी।
सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति ने भारतीय पुलिस सेवा के उत्तराखंड संवर्ग के अधिकारियों के संपूर्ण सेवा अभिलेखों की समीक्षा की। इस समिति में अपर मुख्य सचिव रणवीर सिंह के अलावा पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अनिल रतूड़ी और पुलिस महानिदेशक हिमाचल सीता राम मरड़ी शामिल थे।
समिति ने उत्तराखंड संवर्ग के 25 वर्ष से अधिक सेवा वाले पांच, 15 से 25 वर्ष की सेवा वाले 13 और पीपीएस से आइपीएस बनने वाले सात अधिकारियों के अभिलेखों की समीक्षा की। दरअसल, यह समिति सभी अधिकारियों के अभिलेखों की समीक्षा करती है। इनमें इन अधिकारियों पर भ्रष्टाचार अथवा अनियमितता के आरोप की जांच के साथ ही इनकी सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज एंट्री की जांच की जाती है। इन अधिकारियों के रिकार्ड के आधार पर इनकी सेवाएं बरकरार रखने अथवा समय पूर्व समाप्त करने की संस्तुति की जाती है। समिति ने तकरीबन एक घंटे तक सभी 25 अधिकारियों के अभिलेखों की गहनता से जांच की। इनमें किसी के खिलाफ कोई गलत मामला नहीं पाया गया। अब यह रिपोर्ट केंद्र को भेजी जाएगी।