अवैध खनन में जेसीबी समेत चार वाहन सीज, यातायात उल्लंघन पर 50 वाहनों का चालान
विकासनगर कोतवाली पुलिस ने यमुना समेत अन्य नदियों में अवैध खनन को रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी समेत चार वाहनों को सीज किया।
देहरादून, जेएनएन। विकासनगर कोतवाली पुलिस ने यमुना समेत अन्य नदियों में अवैध खनन को रोकने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी समेत चार वाहनों को सीज किया, इसी के साथ ही पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर पचास वाहनों के चालान भी काटे। पुलिस की सक्रियता से नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
यमुना व अन्य नदियों में चोरी-छिपे अवैध खनन करने वाले व्यक्तियों व वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई के उच्चाधिकारियों ने निर्देश दिए हैं। इसके चलते कोतवाली पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम में शामिल बाजार चौकी प्रभारी दीपक मैठाणी, दारोगा सनोज कुमार, हिमानी चौधरी, मनोज कुमार, सिपाही विकास त्यागी, किरणपाल ने बरोटीवाला, ढकरानी व भीमावाला में अभियान चलाया।
पुलिस ने बरोटीवाला क्षेत्र से अवैध खनन में लिप्त एक जेसीबी, ढकरानी व भीमावाला क्षेत्र से दो ट्रैक्टर व एक लोडर पकड़ कर सीज किया। हालांकि वाहनों के चालक भाग निकले। पुलिस ने वाहनों को अवैध खनन व एमवी एक्ट में सीज किया। बाजार, डाकपत्थर, हरबर्टपुर व कुल्हाल चौकी क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 50 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की। कोतवाल के अनुसार अवैध खनन व यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गोकशी मामले में फरार आरोपित दबोचा
थाना सहसपुर पुलिस ने ग्राम खुशहालपुर से गोकशी के फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है। मामले में महिला समेत चार आरोपितों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज है,। इसमें तीन आरोपितों को पुलिस ने पहले ही जेल भेज दिया था। फरार चल रहे चौथे आरोपित की भी गिरफ्तारी कर ली गई।
बता दें कि 28 अप्रैल को सहसपुर पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि ग्राम खुशहालपुर में आशिक के घर में गोमांस रखा है। इस पर पुलिस ने आशिक के घर की तलाशी ली तो, वहां हमीदा पत्नी हमीद निवासी ग्राम खुशहालपुर मिली। तलाशी में घर से एक पन्नी में लगभग 40 किलो ग्राम गोमांस मिला था।
यह भी पढ़ें: अवैध खनन में शातिर गिरफ्तार, तीन ट्रैक्टर ट्रॉली की सीज
महिला ने पूछताछ में बताया था कि गोमांस आशिक, अकरम उर्फ निन्ना, इम्तियाज निवासी ग्राम खुशहालपुर आसन नदी पार माजरी से गाय काटकर यहां लाए हैं। अब गोमांस का सौदा करने के लिए तीनों गांव गए हैं। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया था इसके बाद सहसपुर थाने की पुलिस ने अलग-अलग दिन में आशिक व अकरम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मामले में आरोपित इम्तियाज फरार चल रहा था। उसे खुशहालपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
यह भी पढ़ें: यमुना नदी में चल रहे अवैध खनन को रोकने गई पुलिस टीम पर हमला, मुकदमा दर्ज