केदारनाथ समेत चारधाम में मनाया गया अतंरराष्ट्रीय योग दिवस, पढ़िए पूरी खबर
अतंरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केदारनाथ समेत चारधाम में योगासन किया गया। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों व यात्रियों ने योग साधना की।
देहरादून, जेएनएन। अतंरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केदारनाथ समेत चारधाम में योगासन किया गया। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों व यात्रियों ने योग साधना की। शुक्रवार सुबह यात्रा डयूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी के साथ ही यात्री केदारनाथ मंदिर परिसर में एकत्रित हुए, जिसके बाद पतंजिल योगपीठ के प्रशिक्षक राजेन्द्र सिंह ने सभी योग की समस्त क्रियाएं कराई। वहीं, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में लोगों ने योग किया।
केदारनाथ धाम समेत पूरे जिले में मनाया गया योग दिवस
केदारनाथ समेत पूरे जिले के विभिन्न स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगासन किया गया। विधायक, डीएम, एसपी समेत जिला स्तरीय अधिकारी एवं स्थानीय जनता ने गुलाबराय मैदान में योग किया। शुक्रवार को सुबह यात्रा डयूटी में तैनात समस्त अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस के जवान, एसडीआरएफ, जीएमवीएन के कर्मचारी के साथ ही यात्री केदारनाथ मंदिर परिसर में एकत्रित हुए, जिसके बाद पतंजिल योगपीठ के प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह ने सभी योग की समस्त क्रियाएं कराई। उन्होंने कहा कि योग नित्य अपने जीवन में उतारने से ही इसका असर दिख रहा है।
बदरीनाथ धाम में यात्री भी करते दिखे योग
योग दिवस पर बदरीनाथ धाम से लेकर सीमा की सरहद तक योगाभ्यास हुआ। सेना के जवानों ने बर्फ के बीच भारत चीन तिब्बत सीमा की अग्रिम चौकियों पर योग प्रणायाम का प्रदर्शन किया तो श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम व गोविंदघाट में योग के जरिए पूरे देश में इस अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में भी योग साधना
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों व यात्रियों ने योग साधना की। यह चौथा अवसर है जब इन दोनों धामों के परिसर में तीर्थ पुरोहितों व स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से योग किया। गंगोत्री धाम में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट, गंगोत्री मंदिर समिति एवं जिला प्रशासन की ओर गंगोत्री मंदिर परिसर में सुबह सात बजे से लेकर नौ बजे तक तीर्थ पुरोहितों तथा व्यापारियों ने योग किया। योगाचार्य नेताला निवासी नवीन राणा ने प्रणायाम, ध्यान, योगासन, अनुलोम, विलोम, कपाल भाती, ताड़ासन, चक्रासन आदि कराए। नवीन राणा ने बताया कि योग शरीर को रोगमुक्त के साथ-साथ बौद्धिक स्तर पर भी मानव को सशक्त,शांत व ओजस्वी बनाता हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की देन है जिसे विश्व अपना रहा है।
गंगोत्री मंदिर समिति के सह सचिव राजेश सेमवाल ने कहा कि यह चौथा मौका है जब गंगोत्री धाम के परिसर में व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों ने संयुक्त रूप योग अभ्यास किया। गंगोत्री धाम में लगे सुरक्षा कर्मियों, एसडीआरएफ, गंगोत्री नेशनल पार्क के कर्मियों व विदेश पर्यटकों ने भी योग अभ्यास किया। वहीं यमुनोत्री धाम के परिसर में सुबह सात बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक योग अभ्यास किया। इस योग अभ्यास में 30 से अधिक यात्रियों ने योग अभ्यास किया।
यह भी पढ़ें: International yoga day 2019: उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक योगमयी हुई देवभूमि
यह भी पढ़ें: योग से ब्लड कैंसर को कमलेश मेहता ने दी मात, जानिए पूरी कहानी NAINITAL NEWS
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप