उत्तराखंड में जल्द शुरू होगा अंतर जनपदीय वाहन संचालन, पढ़िए पूरी खबर
प्रदेश में जल्द ही बेरोकटोक अंतर जनपदीय वाहनों का संचालन शुरू हो सकता है। यानी इसके लिए अब पास की बाध्यता को समाप्त किया जा सकता है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में जल्द ही बेरोकटोक अंतर जनपदीय वाहनों का संचालन शुरू हो सकता है। यानी इसके लिए अब पास की बाध्यता को समाप्त किया जा सकता है। इस तरह की व्यवस्था बनाने पर विचार चल रहा है कि आने-जाने वालों के संबंध में समस्त सूचना रखी जा सके। मकसद यह कि किसी के कोरोना संक्रमित मिलने की स्थिति में संपर्कों को तलाशा जा सके।
प्रदेश में इस समय अंतरराज्यीय और अंतर जनपदीय आवागमन की पूरी तरह छूट नहीं है। अंतर्राज्यीय वाहनों के आने जाने में सख्त नियम हैं तो वहीं अंतर जनपदीय वाहनों के संचालन में नियमों में ढील दी गई है। अभी कोई भी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी से पास बनवाकर एक जनपद से दूसरे जनपद तक जा सकता है। अब लॉकडाउन चार समाप्त होने वाला है और लॉकडाउन पांच में और ढील मिलने की संभावना है। प्रदेश के भीतर आर्थिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं।
उद्योगों को रफ्तार दी जा रही है ऐसे में प्रदेश के भीतर अब एक जिले से दूसरे जिले में जाने के नियमों में भी ढील देने की तैयारी चल रही है। इसका मकसद स्थानीय स्तर पर अब पर्यटन की गतिविधियों को भी बढ़ावा देना है। दरअसल, पर्यटन प्रदेश के राजस्व का सबसे बड़ा जरिया है और लाखों लोगों की आर्थिकी इसके साथ जुड़ी हुई है। व्यवसायिक गतिविधियां शुरू होने के बावजूद अभी तक पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। इसे देखते हुए अब सरकार अंतर जनपदीय वाहनों के संचालन पर ढील देने पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रही है।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: श्रमिक स्पेशल ट्रेन से बिहार और यूपी रवाना हुए 2282 यात्री Dehradun News
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह का कहना है कि अभी एक जनपद से दूसरे जनपद में जाने के लिए पास लेने की अनिवार्यता है। इसका एक प्रमुख कारण यह है कि यदि कोई इस दौरान कोराना संक्रमित होता है तो उसके संपर्कों की जानकारी आसानी से मिल जाती है। अब प्रदेश के भीतर एक से दूसरे जनपद में जाने पर पास की अनिवार्यता समाप्त करने पर गंभीरता से विचार चल रहा है। जल्द ही इसके लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: दिल्ली और मुंबई से आए 22 लोगों को किया संस्थागत क्वारंटाइन Dehradun News