IIM काशीपुर को 15 साल पूरे, देहरादून में भी पांच एकड़ में खुलेगा कैंपस
देहरादून के सुद्धोवाला में आईआईएम काशीपुर के नए कैंपस का शिलान्यास मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया। यह परिसर पांच ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून के सुद्धोवाला में आइआइएम काशीपुर का कैंपस विकसित किया जाएगा। करीब पांच एकड़ जमीन पर बनने वाले इस परिसर के पहले चरण का काम शुरू हो गया है।
बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। परिसर जल्द शुरू करने के लिए पहले चरण में प्री-फैब्रिकेटेड भवन बनाया जाएगा। इसमें आधुनिक कक्षाओं के साथ कार्यालयों की व्यवस्था होगी। निर्माण केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) करेगा।
कैंपस में शुरुआत में आइआइएम काशीपुर के एग्जीक्यूटिव एमबीए, कार्यकारी शिक्षा और प्रबंधन विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित होंगे। संस्थान के फाउंडेशन फार इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (एफआइईडी) को भी यहां जगह दी जाएगी।
यह संस्थान का इनक्यूबेशन केंद्र है, जहां उद्यमिता और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाता है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि देहरादून में आइआइएम काशीपुर का कैंपस शुरू होने से उत्तराखंड के साथ आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को भी प्रबंधन शिक्षा के अवसर मिलेंगे।
इससे छात्रों को उच्च स्तरीय प्रबंधन शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। आइआइएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी ने कहा कि देहरादून में संस्थान की मौजूदगी से सरकार, उद्योग, उद्यमियों और शैक्षणिक संस्थानों के साथ जुड़ाव बढ़ेगा। परिसर को आगे चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
संस्थान उचित अनुमोदन मिलने पर भविष्य में देहरादून में स्नातक या एकीकृत प्रबंधन शिक्षा कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाएं भी तलाशेगा। आइआइएम काशीपुर की स्थापना के करीब 15 वर्ष पूरे होने के बीच देहरादून कैंपस को संस्थान की शैक्षणिक, कार्यकारी शिक्षा, उद्यमिता और आउटरीच गतिविधियों के विस्तार के रूप में विकसित किया जा रहा है। भूमि पूजन के दौरान सीपीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश, आइआइएम काशीपुर के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
