श्रमिकों को चरस बेचने जा रहे पति और पत्नी गिरफ्तार
सहसपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान पति और पत्नी को चरस के साथ गिरफ्तार किया। बताया कि वे छात्रों और श्रमिकों को इसकी सप्लाई करते थे।
विकासनगर, [जेनएन]: थाना सहसपुर पुलिस ने जंगलात बेरियर के पास चेकिंग के दौरान दंपती को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने घर का खर्चा चलाने को युवाओं, छात्रों, श्रमिकों व वाहन चालकों को नशे का सामान बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सहसपुर पुलिस कस्बे के जंगलात बेरियर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पैदल आ रहे एक दंपती पर कुछ शक हुआ। पुलिस ने जब दोनों को रुकने को कहा तो वह तेज गति से चलने लगे।
इस पर थानाध्यक्ष पंकज देवरानी व दारोगा पुनीत दनोसी ने दंपती को जबरन रोक लिया। थानाध्यक्ष ने सिपाही रेणू कश्यप व सुनीता सिंह से महिला की तलाशी कराई तो उसके पास से 350 ग्राम चरस बरामद हुई, जबकि आरोपी पति के पास से आधा किलो चरस मिली।
दोनों के पास से 850 ग्राम चरस बरामद करने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान इल्ताफ पुत्र यासीन व जहीरा पत्नी इल्ताफ निवासीगण सहसपुर के रूप में बताई। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि आरोपियों के खिलाफ थाना सहसपुर में वर्ष 2013 व 2016 में एनडीपीएस एक्ट व वर्ष 2017 में आर्मस एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने छात्रों, श्रमिकों, वाहन चालकों को नशे का सामान बेचने की बात स्वीकारी।
यह भी पढ़ें: नशीले इंजेक्शन और चरस के साथ दो गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: कपकोट में ढाई किलो चरस के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: बनबसा में पुलिस ने चरस के साथ बाइक सवार युवक को दबोचा