अनुपम शर्मा की गिरफ्तारी से कांग्रेस की बेचैनी बढ़ी
कांग्रेस में हाईप्रोफाइल लूट कांड में प्रदेश महामंत्री अनुपम शर्मा की गिरफ्तारी होने से बेचैनी महसूस की जा रही है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस में हाईप्रोफाइल लूट कांड में प्रदेश महामंत्री अनुपम शर्मा की गिरफ्तारी होने से बेचैनी महसूस की जा रही है। अनुपम प्रदेश पदाधिकारी होने के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य भी हैं। प्रदेश संगठन इस पूरे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर तो रख ही रहा है, साथ में पुलिस की ओर से दाखिल की जाने वाली चार्जशीट का इंतजार भी कर रहा है। लोकसभा चुनाव के मौके पर सरकारी गाड़ी में सवार होकर प्रॉपर्टी डीलर से लूट के मामले ने सियासत को भी गर्मा दिया है।
दरअसल, इस मामले में पुलिस ने जिन चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, उनमें एक दारोगा समेत तीन पुलिस कार्मिक के साथ ही कांग्रेस नेता अनुपम शर्मा भी शामिल हैं। अनुपम इस वक्त प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री भी हैं। प्रदेश पदाधिकारी का नाम आने से पार्टी खुद को असहज पा रही है। प्रदेश कांग्रेस अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बुधवार को इस संबंध में मीडिया से बातचीत में कहा कि उक्त प्रकरण संदेहास्पद लग रहा है।
लूट कांड में पुलिस की संलिप्तता कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में तथ्यों को एकत्र कर रही है। अनुपम शर्मा को लेकर दाखिल की जाने वाली चार्जशीट को भी देखा जाएगा। इससे अनुपम पर लगाए जाने वाले आरोपों की जानकारी सामने आएगी। उन्होंने कहा कि अनुपम शर्मा एआइसीसी के सदस्य हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई के लिए शीर्ष नेताओं का मार्गदर्शन जरूरी है। उक्त पूरे मामले में तथ्यों को जुटाकर एआइसीसी को भेजा जा रहा है। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच का भी इंतजार किया जा रहा है।
विधायक प्रणव की टिप्पणी पर कार्रवाई करेगी कांग्रेस
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की टिप्पणी कांग्रेस को नागवार गुजरी है। चैंपियन के खिलाफ कार्रवाई को पार्टी ने कानूनी सलाह लेने का निर्णय लिया है। हरिद्वार जिले के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बीते रोज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी की थी। विधायक की टिप्पणी को उनकी निजी राय बताते हुए भाजपा पल्ला झाड़ चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने इस मामले में सख्त रुख किया है।
प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विधायक चैंपियन की ये टिप्पणी आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे भाजपा का दोहरा चरित्र भी सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधायक चैंपियन के खिलाफ तथ्य एकत्र किए जा रहे हैं। पार्टी कानूनी सलाह भी ले रही है। इसके बाद विधायक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें: लूट में आइजी की कार का इस्तेमाल करने वाले दरोगा सहित चार गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: आइजी की कार में सवारों की लूट मामले में सफेदपोशों का दबाव