वन्यजीव सुरक्षा को राजाजी में हाई अलर्ट
राजाजी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सुरक्षा के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: राजाजी टाइगर रिजर्व में वन्यजीव सुरक्षा के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। मानसून सीजन में वन्यजीवों के अवैध शिकार की आशंका के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। कार्मिकों को चौबीसों घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नियमित गश्त के साथ ही लंबी दूरी की गश्त भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके अलावा रिजर्व से लगी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
मानसून सीजन के दौरान संरक्षित और आरक्षित क्षेत्रों में अवैध शिकार की संभावना अधिक बढ़ जाती है। बारिश के दरम्यान शिकारी जंगलों में घुसकर अपनी कारगुजारियों को अंजाम देते आए हैं। इससे राजाजी टाइगर रिजर्व भी सहमा हुआ है। इसी के मद्देनजर रिजर्व में अब हाईअलर्ट जारी किया गया है।
रिजर्व के नवनियुक्त निदेशक डीके सिंह के अनुसार बरसात को देखते हुए वैसे भी वर्तमान में ज्यादा गतिविधियां नहीं हैं। ऐसे में वन्यजीव सुरक्षा के मद्देनजर सभी कार्मिकों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। नियमित गश्त जारी हैं, साथ ही लंबी दूरी की गश्त भी प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह से सक्रिय किया गया है। रिजर्व से लगी उप्र की सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।