Move to Jagran APP

Hathras Case: कैंडल मार्च निकाल दी हाथरस की बेटी को श्रद्धांजलि, कहा- आरोपितों को दी जाए मौत की सजा

हाथरस मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च शाम सवा छह बजे इंद्रानगर अनुराग चौक से शुरू हुआ और सात बजे बल्लीवाला चौक पहुंचा।

By Raksha PanthariEdited By: Published: Sun, 04 Oct 2020 10:54 AM (IST)Updated: Sun, 04 Oct 2020 10:54 AM (IST)
Hathras Case: कैंडल मार्च निकाल दी हाथरस की बेटी को श्रद्धांजलि, कहा- आरोपितों को दी जाए मौत की सजा
कैंडल मार्च निकाल दी हाथरस की बेटी को श्रद्धांजलि।

देहरादून, जेएनएन। हाथरस में युवती की निर्मम हत्या के खिलाफ शनिवार शाम को कैंट विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंडल मार्च शाम सवा छह बजे इंद्रानगर अनुराग चौक से शुरू हुआ और सात बजे बल्लीवाला चौक पहुंचा। यहां सभा आयोजित कर दिवंगत बेटी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

loksabha election banner

सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि योगी राज में उत्तर प्रदेश में खतरनाक स्थिति हो गई है। यूपी में बेटियां आज पूरी तरह से असुरक्षित हैं। अफसोस यह है कि जिस सरकार पर लोग जरूरत से ज्यादा भरोसा इसलिए कर रहे थे कि उसके मुखिया एक महंत हैं, उस सरकार की संरक्षण में ही बेटियां सुरक्षित नहीं है। कहा कि जब सरकार शासन-प्रशासन और पुलिस की कोई गलती नहीं है तो पीड़ित परिवार से विपक्षी दलों के नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को क्यों नहीं मिलने दिया जा रहा है।

कैंडल मार्च में नगर निगम पार्षद संगीता गुप्ता, पार्षद छावनी बोर्ड जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर ब्लॉक अध्यक्ष दीवान बिष्ट, कांवली ब्लॉक अध्यक्ष अल्ताफ, यमुना कालोनी अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, विपुल नौटियाल, पिया थापा, मंजू त्रिपाठी,अनुराग गुप्ता, धर्म सोनकर, सुशीला बेलवाल, वीरेश शर्मा, विमलेश, अभिषेक तिवारी, संतोष सैनी आदि मौजूद रहे।

सफाई कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

सफाई कर्मचारियों ने हाथरस में हुई घटना के दोषियों को मृत्यदंड देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे। शनिवार को राष्ट्रीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अद्यक्ष नरेश वैद्य के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और हाथरस कांड में सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की मांग की। संघ पदाधिकारियों ने आरोपितों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। इसको लेकर  जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। दूसरी तरफ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की नगर निगम देहरादून शाखा ने भी हाथरस कांड में आरोपितों को मृत्यदंड देने की मांग की है।

हाथरस प्रकरण के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह कल

हाथरस प्रकरण को लेकर कांग्रेस पांच अक्टूबर को राज्यव्यापी सत्याग्रह करेगी। यह प्रदेश मुख्यालय व सभी जिला मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्यभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पांच अक्टूबर को सत्याग्रह करने का आह्वान किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि कांग्रेस ने हाथरस प्रकरण के विरोध में सत्याग्रह करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सभी जिला महानगर मुख्यालयों पर महात्मा गांधी या आंबेडकर की प्रतिमा के सामने बैठकर मौन सत्याग्रह करेंगे।

कैंडल मार्च निकाल हत्यारों को फांसी की मांग

बालावाला में कांग्रेस कमेटी नत्थनपुर की ओर से कैंडल मार्च निकाला। हाथरस की घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हत्यारों को फांसी देने की मांग की। जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी परवादून धनवीर राणा ने कहा कि हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से आमजन में उत्तर प्रदेश पुलिस और सरकार के खिलाफ आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द युवती के हत्यारों को फांसी की सजा दी जाए। पूर्व प्रधान नकरौंदा बुद्धदेव सेमवाल इस घटना पर खेद जताते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कैंडल मार्च में पूर्व प्रधान बालावाला शबनम थापा, जिला महामंत्री आशीष खत्री, ब्लॉक अध्यक्ष सागर बिष्ट, हर्ष कुमार, दिनेश धनाई आदि शामिल थे।

हाथरस घटना पर जताया रोष

संयुक्त नागरिक संगठन ने हाथरस में हुई घटना के खिलाफ रोष जताया है। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख पीड़िता को श्रद्धांजलि दी। शनिवार को संयुक्त नागरिक संगठन के सदस्य इंदर रोड स्थित एक होटल में एकत्र हुए। इस दौरान सदस्यों ने घटना के खिलाफ रोष जताया।

यह भी पढ़ें: Hathras Case: राहुल प्रियंका गांधी सेना ने फूंका योगी सरकार का पुतला

युकां ने निकाला कैंडल मार्च

मसूरी में युवा कांग्रेसियों ने पिक्चर पैलेस चौक से कुलड़ी बाजार होते हुए शहीद स्थल तक कैंडल मार्च निकालकर हाथरस की घटना की शिकार युवती को श्रद्धांजलि दी। मार्च के दौरान युवा कांग्रेसियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गुनाहगारों को मौत की सजा दिए जाने की मांग की। 

यह भी पढ़ें: Hathras Case: उमा भारती बोलीं, स्वस्थ होने पर जरूर जाऊंगी हाथरस; सीएम योगी को दी ये सलाह


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.