विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार जाम का असर: ऋषिकेश के कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ तेल, लगी लंबी कतारें

Published: Mon, 25 May 2026 03:50 PM (GMT+05:30)

हरिद्वार में भीषण जाम के कारण ऋषिकेश के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे ...और पढ़ें

तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए उमड़े वाहन चालक।

 तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए उमड़े वाहन चालक।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार सुबह से कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति ठप होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई पंपों पर तेल खत्म होने के कारण बंद जैसी स्थिति रही, जबकि खुले पंपों पर पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति यह रही कि वाहन चालकों को अपनी बारी आने के लिए 25 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।

सबसे अधिक दिक्कत नौकरी पर जाने वाले लोगों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहन चालकों को हुई। वहीं, पर्यटन सीजन के बीच पर्यटकों की यात्रा भी इससे प्रभावित होती नजर आई।

आपूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश सुनील देवली ने बताया कि हरिद्वार में लगे भीषण जाम के कारण पेट्रोल-डीजल से भरे कई टैंकर रास्ते में फंसे हुए हैं। इसी वजह से ऋषिकेश के कई पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति प्रभावित हुई है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में ऋषिकेश प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी गई है। हरिद्वार पुलिस से संपर्क कर फंसे टैंकरों को जल्द ऋषिकेश रवाना कराने के लिए सहयोग मांगा गया है।

उम्मीद जताई जा रही है कि सोमवार शाम तक टैंकर ऋषिकेश पहुंच जाएंगे, जिसके बाद बंद पड़े पेट्रोल पंपों पर सामान्य रूप से पेट्रोल-डीजल मिलना शुरू हो जाएगा।

आपूर्ति निरीक्षक ने क्षेत्रवासियों और पर्यटकों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, केवल आपूर्ति प्रभावित होने से अस्थायी समस्या उत्पन्न हुई है।

यह भी पढ़ें- मेरठ, बुलंदशहर, बिजनौर, सहारनपुर, बागपत व शामली में अब क्या हैं पेट्रोल-डीजल के नए रेट?

यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के दामों पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, शिमला में किया धरना प्रदर्शन; केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा