विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरिद्वार में होगी कर्णप्रयाग मारपीट प्रकरण की जांच, घायल निहंग के पिता की शिकायत पर भी मुकदमा दर्ज

Published: Mon, 22 Jun 2026 09:47 PM (IST)

चमोली के कर्णप्रयाग में निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट की जांच पुलिस मुख्यालय ने हरिद्वार स्थानांतरित कर दी है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. जांच चमोली से हरिद्वार पुलिस को स्थानांतरित की गई

  2. घायल निहंग के पिता की शिकायत पर नया केस दर्ज

  3. पुलिस पर दुर्व्यवहार आरोपों की जांच डीआईजी करेंगे

राज्य ब्यूरो, देहरादून। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में निहंग और स्थानीय व्यक्तियों के बीच हुई मारपीट की घटना में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस मुख्यालय ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल क्षेत्र की संस्तुति पर पुलिस मुख्यालय ने दोनों पक्षों से संबंधित प्राथमिकी की विवेचना चमोली से हरिद्वार जनपद स्थानांतरित कर दी है।

अब इन मामलों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर की निगरानी में की जाएगी।

वहीं, सिख प्रतिनिधिमंडल द्वारा पुलिस पर दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच डीआइजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है। उनसे दो सप्ताह में आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है।

कर्णप्रयाग में 16 जून को निहंग और स्थानीय व्यक्तियों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में थाना कर्णप्रयाग में निहंगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस प्रकरण पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी फोन पर वार्ता की थी। वहीं, विभिन्न सिख संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।

इसी क्रम में घायल निहंग के पिता सोमराज की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को थाना कर्णप्रयाग में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया।

वहीं, सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार और आचरण को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच भी पुलिस मुख्यालय ने शुरू कर दी है।

इस जांच की जिम्मेदारी डीआईजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है। उन्हें दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल क्षेत्र राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है और प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष व न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है और इसकी सुरक्षा, शांति तथा सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें- नगरासू गुरुद्वारे की छत पर 3 दिन से डटे हैं निहंग: विवाद के समाधान में देरी से बढ़ी चिंताएं

यह भी पढ़ें- नगरासू गुरुद्वारा गतिरोध: पुलिस पर पथराव, एक निहंग हिरासत में; अब हेलीकॉप्टर से पंजाब भेजने की मांग पर अड़े