विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हरिद्वार : चोरों ने तोड़े नगर निगम दफ्तरों के ताले, खंगाली फाइलें, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

By Nirmala BohraEdited By:
Published: Sun, 17 Apr 2022 01:19 PM (IST)Updated: Sun, 17 Apr 2022 01:30 PM (IST)

चोरों ने हरिद्वार नगर निगम के कई अनुभागों के ताले चटका दिए। जिन अनुभागों में चोरी हुई है उनमें गृहकर ...और पढ़ें

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच में जुटी है।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार : बेखौफ चोरों ने हरिद्वार नगर निगम के ताले चटकाते हुए मुख्य नगर आयुक्त सहित पांच दफ्तर खंगाल डाले। इन दफ्तरों से सामान लेकर चोर फरार हो गए। चोरी की पूरी घटना नगर निगम के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फाइलें खंगालने के पीछे कई तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच नगर निगम में घुसे चोरों ने एक के बाद एक कई दफ्तरों के ताले चटका दिए। नगर आयुक्त कार्यालय में लगी एलसीडी स्क्रीन भी चोर ने उतार अलग रख दिया। इनके अलावा सहायक नगर आयुक्त कार्यालय, गृहकर अनुभाग, लेखा अनुभाग, अधिष्ठान में घुसकर चोरों ने फाइलें खंगाली।

सुबह घटना का पता चला तो नगर निगम में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करने पूरी तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में चोर दफ्तरों में घुसकर फाइलें खंगालते दिख रहे हैं। फुटेज के अनुसार चोर लगभग दो घंटे तक नगर निगम के दफ्तरों में सेंधमारी करते रहे।

चोर अपने साथ नगर आयुक्त कार्यालय से एलईडी स्क्रीन, कंप्यूटर का सीपीयू, कर अनुभाग में तैनात कर्मचारी पूजा के लाकर में रखी तीन हजार की नकदी अपने साथ ले गए हैं। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती का कहना है कि जिस-जिस अनुभाग में चोरों ने फाइलों को खंगाला है, सोमवार को कर्मचारियों से मालूम किया जाएगा कि कोई फाइलें तो गायब नहीं हुई हैं।

इसके बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी। वहीं, शहर कोतवाल राकेंद्र कठैत ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। चोर की तलाश की जा रही है।

चोरी या साजिश, फाइलों से चोर का क्या संबंध

नगर निगम दफ्तरों में रखी फाइलों से किसी चोर को क्या मतलब हो सकता है। घटना सामान्य चोरी है, या कोई साजिश है। इसको लेकर कानाफूसी जोरों पर है। अमूमन चोर नकदी, जेवर और कीमती सामान ही चोरी करते हैं। नगर निगम दफ्तरों से भी एक महिला कर्मचारी की नकदी व कीमती सामान चोरी होने की बाद प्रथम दृष्टया सामने आई है, लेकिन फुटेज में चोर गंभीरता से फाइलें खंगालते और पढ़ते नजर आ रहे हैं।

ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि चोरों का फाइलों से क्या संबंध हो सकता है। इसके पीछे कोई खेल या साजिश होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। कहीं ऐसा तो नहीं है कि चोर का उद्देश्य कोई खास फाइल चोरी करना या दस्तावेज खुर्द बुर्द करना हो और कुछ सामान चोरी कर इस घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की गई है। फुटेज के आधार पर चोर के पकड़ में आने पर ही सच्चाई से पर्दा उठ सकता है।