Move to Jagran APP

Har Ghar Tiranga: देहरादून में बही तिरंगी बयार, 750 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकले युवा

Har Ghar Tiranga आज शनिवार को देहरादून में विभिन्न संगठनों और संस्थाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। आइटीबीपी ने फ्रीडम मैराथन जीएमवीएन ने साइकिल रैली निकाली। राजपुर में 750 फीट नेहरू कालोनी में 150 फीट का तिरंगा लेकर भाजपाई निकले।

By Sunil NegiEdited By: Published: Sat, 13 Aug 2022 10:37 PM (IST)Updated: Sat, 13 Aug 2022 10:37 PM (IST)
Har Ghar Tiranga: देहरादून में बही तिरंगी बयार, 750 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकले युवा
Har Ghar Tiranga Yatra : देहरादून में युवा मोर्चा की ओर से निकाली गई 750 फिट तिरंगा यात्रा।

जागरण संवाददाता, देहरादून : Har Ghar Tiranga Yatra : स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव के तहत देशभर में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इसमें द्रोणनगरी भी पीछे नहीं है। दून में चहुंओर देशभक्ति की बयार बह रही है।

loksabha election banner

तमाम राजनीतिक और सामाजिक संस्थाओं के साथ ही विभिन्न विभाग भी तिरंगा यात्रा और हर-घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। दून में शनिवार को दर्जनों कार्यक्रम आयोजित हुए। जिससे पूरी द्रोणनगरी तिरंगी छटा से रंगीन हो गई।

भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से शहर गूंज उठा। कहीं मैराथन व साइकिल रैली निकाली गई तो कहीं पैदल यात्रा में तिरंगों के साथ हुजूम उमड़ पड़ा। दून में 15 अगस्त तक यह आयोजन जारी रहेंगे।

फ्रीडम मैराथन से हिमवीरों ने जगाया देशभक्ति का भाव

स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव व हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) की ओर से फ्रीडम मैराथन का आयोजन किया गया। सुबह साढ़े पांच बजे आइटीबीपी के क्षेत्रीय मुख्यालय सीमाद्वार से शुरू हुई मैराथन को उप महानिरीक्षक मनु महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

21 किमी लंबी मैराथन में प्रतिभाग कर रहे हिमवीरों का जोश तारीफ के काबिल था। दौड़ में 77 हिमवीरों व तीन हिमवीरांगनाओं ने भाग लिया। मैराथन के प्रतिभागी जहां से भी गुजरे वहां पर स्थानीय व्यक्तियों ने उनका उत्साह बढ़ाया।

इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में आइटीबीपी उत्तरी परिक्षेत्र के महानिरीक्षक नीलाभ किशोर ने मैराथन के विजेताओं को सम्मानित किया। उप महानिरीक्षक ने कहा कि देश सेवा ही सैनिकों का सबसे बड़ा धर्म है। तिरंगा व देशभक्ति की भावना के प्रति सभी को जागृत होना चाहिए।

750 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकला युवाओं का हुजूम

भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर की ओर से स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के तहत विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। 750 फीट लंबे तिरंगे के साथ युवाओं का हुजूम निकला तो समूचा राजपुर रोड क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा।

यात्रा का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री व भाजयुमो उत्तराखंड के प्रभारी कुलदीप कुमार, राष्ट्रीय मंत्री तजिंदर पाल सिंह बग्गा और भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी ने संयुक्त रूप से किया।

महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला के नेतृत्व में युवाओं ने 750 फीट का तिरंगा बनाया और यात्रा में 7500 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जो आज युवाओं का जन सैलाब सड़कों पर उतरा है, उसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवाओं में राष्ट्रवाद की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है।

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, लोकसभा सदस्य राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक सविता कपूर, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, पुनीत मित्तल आदि भी उपस्थित रहे।

काबीना मंत्री रेखा आर्या ने निकाली तिरंगा जनजागरण पदयात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत काबीना मंत्री रेखा आर्या ने तिरंगा जनजागरण पदयात्रा निकाली। कचहरी स्थित शहीद स्मारक पर बलिदानियों को नमन करने के बाद पदयात्रा शुरू की गई, जो कि रिजर्व पुलिस लाइन्स पर संपन्न हुई।

पदयात्रा में राजपुर रोड विधायक खजान दास सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में महिलाओं व युवाओं ने हिस्सा लिया। करीब तीन किलोमीटर की इस पदयात्रा में देशभक्ति के गीतों पर लोग जमकर झूमे। काबीना मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आह्वान किया।

आइएचएम के छात्रों ने तिरंगे के रंग में बनाए 75 पकवान

देहरादून : स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के तहत इंस्टीट्यूट आफ होटल मैनेजमेंट में शेफ, माकटेल और हाउस कीपिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इस अवसर पर संस्थान के छात्रों ने तिरंगे के रंग में 75 व्यंजन बनाए।

प्रतियोगिता के विजेताओं को काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने पुरस्कृत किया। साथ ही राष्ट्र ध्वज के तीन रंगों की रंगोली और 75 प्रकार के व्यंजनों का अवलोकन किया। काबीना मंत्री ने गढ़ी कैंट स्थित संस्थान में छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों के साथ अमृत महोत्सव मनाया।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आइएचएम संस्थान 13 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है।

छात्रों ने तिरंगा सैंडविच, समोसे, इडली, केक, बिस्कुट, पिज्जा, माकटेल, चाऊमीन, रायता, वेजपुलाओ, मुजकेक, मोमो, घेवर, स्प्रिंग रोल, ढोकला आदि तैयार कर राष्ट्र के नाम समर्पित किए।

भाजपाइयों ने 150 मीटर लंबा तिरंगा किया तैयार

नेहरू कालोनी में भाजपा कार्यकर्त्ताओं की ओर से 150 मीटर लंबे तिरेंगे झंडे के साथ विशाल यात्रा निकाली। देशभक्ति गीतों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ताओं और स्कूली बच्चों ने यात्रा में प्रतिभाग किया। नेहरू कालोनी स्थित शहीद राज्य आंदोलनकारी रविंद्र रावत उर्फ पोलू के स्मारक से स्टारलैंड पब्लिक स्कूल के बच्चों संग तिरंगा यात्रा निकाली गई।

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और महापौर सुनील उनियाल गामा ने बलिदानियों को नमन कर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर भाजपा नेता रंजीत भंडारी, भाजपा महानगर महामंत्री सतेंद्र नेगी, स्थानीय पार्षद अमित भंडारी, जय थपलियाल, राजेश रावत, गणेश सिलमाना, विकास सुंदरियाल, पार्षद सुशीला रावत आदि उपस्थित रहे।

उधर, धर्मपुर विधानसभा में विधायक विनोद चमोली के नेतृत्व में क्लेमेनटाउन में शहीद जसवंतसिंह रावत को श्रद्धांजलि देते हुए बैंड-बाजों के साथ तिरंगा पद यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर भाजपा नेता महेश पांडे, मोहन जोशी, महेश गोयल, सुरेश त्यागी, विनोद रांगड़, दीपक नेगी, वरुण वालिया, राजू फरस्वाण, मंजू कोटनाला आदि उपस्थित रहे।

जीएमवीएन ने निकाली तिरंगा साइकिल यात्रा

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा साइकिल यात्रा आयोजित की गई। जिसे पर्याटन मंत्री सतपाल महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शनिवार को प्रातः होटल द्रोण से तिरंगा साइकिल यात्रा भारत माता के जयकारों के साथ रवाना हुई।

काबीना मंत्री ने कहा कि राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और जज्बे को प्रदर्शित करने के लिए साइकिल यात्रा में प्रतिभाग करने वालों को बधाई देते हुए हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

Har Ghar Tiranga : आइटीबीपी ने 14,000 फीट की ऊंचाई पर फहराया तिरंगा, 'भारत माता की जय' के नारों से गूंजे पहाड़


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.