केदारनाथ में आधा फीट बर्फ जमा, उत्तराखंड में मौसम हुआ साफ
उत्तराखंड में मौसम अब साफ हो गया है लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। केदारनाथ में करीब आधा फीट बर्फ जमा हो गई है।
देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंड में मौसम अब साफ हो गया है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। केदारनाथ में करीब आधा फीट बर्फ जमा हो गई है। औली में भी अच्छी बर्फबारी के बाद पर्यटक लुत्फ ले रहे हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम में मुख्य मार्ग से एसडीआरएफ और पुलिस की टीम बर्फ हटाकर रास्ता साफ किया।
गौरतलब है कि केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट बंद हो चुके हैं, जबकि बदरीनाथ के कपाट 17 नवंबर को बंद किए जाने हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे मौसम साफ रहेगा।
शनिवार को प्रदेश में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम साफ रहा। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भी सुबह से धूप खिली रही। मौसम साफ होने से केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों ने फिर से गति पकड़ी है। इससे पहले रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी के कारण पुनर्निर्माण कार्य नहीं हो पाए।
दूसरी ओर चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि श्रद्धालुओं को बदरीनाथ में बर्फबारी के कारण कोई दिक्कत न हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग के साथ ही अन्य मार्गों से भी बर्फ हटा दी गई है।
दून में धूप खिलने से पारा चढ़ा
दून व आसपास के क्षेत्र में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। धूप खिली रहने से लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। 24 घंटे पहले दोपहर को दून का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बादलों का डेरा, ऊंची चोटियों में हिमपात; पहाड़ से मैदान तक होगी बारिश
वहीं, अब दून का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस प्रकार केवल चौबीस घंटे में ही दून के तापमान में 7.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। मसूरी में भी लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले 24 घंटे में देहरादून और आसपास के इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान में हुआ इजाफा, धूल से उखड़ रही सांसे