विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुंजन हत्याकांड: देहरादून में एसआइटी ने चार दिन में दाखिल की चार्जशीट, फास्ट ट्रैक सुनवाई की तैयारी

Published: Thu, 05 Feb 2026 08:59 PM (IST)

देहरादून के मच्छी बाजार में हुए गुंजन हत्याकांड में एसआइटी ने आरोपी आकाश कुमार के खिलाफ चार दिन में चार्जशीट ...और पढ़ें

गुंजन की फाइल फोटो, वहीं गिरफ्तार आरोपित।

गुंजन की फाइल फोटो, वहीं गिरफ्तार आरोपित।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। मच्छी बाजार में हुए गुंजन हत्याकांड में एसआइटी ने चार दिन में आरोपित को चार्जशीट कर लिया है। घटना में इस्तेमाल चापड, आरोपित के खून से सने कपड़े, जूते व हेलमेट विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

शुक्रवार को एसआइटी चार्जशीट की कापी कोर्ट में पेश करेगी। इसके अलावा एसआइटी न्यायालय में इस केस को फास्ट ट्रैक में केस ट्रायल के लिए पैरवी करेगी।

नए कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में यह पहला ऐसा मामला है जिसमें पुलिस ने चार दिन में ही आरोपित को गिरफ्तार कर चार्जशीट भी तैयार दी।

दो फरवरी को शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित मच्छी बाजार में आरोपित आकाश कुमार निवासी मन्नु गंज खुड़बुड़ा ने चापड़ से अपनी दोस्त गुंजन श्रीवास्तव का गला काटकर हत्या कर दी थी।

घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया।

प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए घटना से जुडे साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से तत्काल संकलन कर आरोपित के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के पर्यवेक्षण में एसआइटी का गठन किया।

एसआइटी की ओर से मुकदमे में तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन कर, घटनास्थल पर फारेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्यों जुटाए गए। साथ ही आरोपित की ओर से घटना में इस्तेमाल स्कूटी को कब्जे में लेते हुए आरोपित के आने व जाने वाले रूट का चार्ट बनाया गया।

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीद गवाहों व घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के तत्काल बयान दर्ज किए गए। इसके अलावा आरोपित की ओर से घटना में इस्तेमाल चापड, खून से सने पहने कपड़े, जूते व हेलमेट को परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए मृतका का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डाक्टरों के पैनल से करवाया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चश्मदीदों के बयान, घटनास्थल से प्राप्त किए गए भौतिक व फारेंसिक साक्ष्यों को ई-साक्ष्य के माध्यम से विवेेचना में समावेश करते हुए चार दिनों में एसआइटी ने लगातार विवेचनात्मक कार्रवाई पूरी कर 35 गवाहों को शामिल करते हुए आरोपित के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार किया है जिसे, शुक्रवार को न्यायालय में प्रेषित किया जाएगा।

10 से 15 मिनट में दिया घटना को अंजाम

एसआइटी ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो उसमें दिखा कि आरोपित ने झगड़े से लेकर हत्याकांड को 10 से 15 मिनट में ही अंजाम दिया और घटनास्थल से फरार हो गया। आरोपित ने गुंजन पर चापड़ से दो वार किए। एक में गुंजन की एक हाथ की उंगुली कट गई जबकि दूसरे वार में उसका गला कटा।

इसके बाद आरोपित ने गुंजन की दोस्त पर ही चापड़ से हमला किया, लेकिन वह किसी तरह से बच निकली। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने यह चापड़ पहले से ही घर पर रखा, और इसी घटना को अंजाम देने के लिए वह चापड़ घर से लेकर आया था।

जिस तरह सरेआम हत्या की घटना को अंजाम दिया गया, उससे दहशत का माहौल बन गया था। सभी साक्ष्य जुटाने के लिए एसआइटी का गठन किया गया। एसआइटी ने अल्प समय पर चार्जशीट तैयार कर ली है। कोर्ट में जिरह करते हुए इस जघन्य हत्याकांड को रेयरेस्ट आफ रेयर श्रेणी में रखकर आरोपित को कठोरतम सजा के लिए न्यायालय में पैरवी की जाएगी।
- अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक

यह भी पढ़ें- देहरादून में दिल दहलाने वाली वारदात: सिरफिरे के पहले वार में कटी अंगुली, गले पर हुए दूसरे वार ने ले ली युवती की जान

यह भी पढ़ें- देहरादून: युवती की हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव, बुलाना पड़ा अतिरिक्त पुलिस बल