राज्यपाल ने पंडित चक्रधर पर विशेष आवरण किया जारी
राज्य ब्यूरो, देहरादून: राज्यपाल डॉ. केके पॉल ने नक्षत्र वेधशाला देवप्रयाग के संस्थापक पंडित च
राज्य ब्यूरो, देहरादून: राज्यपाल डॉ. केके पॉल ने नक्षत्र वेधशाला देवप्रयाग के संस्थापक पंडित चक्रधर जोशी पर विशेष आवरण जारी किया। उन्होंने कहा कि आचार्य चक्रधर जोशी की लिखित पुस्तकों का अंग्रेजी व अन्य भाषाओं में अनुवाद कर जनोपयोगी बनाया जा सकता है।
शनिवार को राजभवन में उत्तराखंड डाक परिमंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में डॉ पाल ने कहा कि उत्तराखंड डाक परिमंडल की ओर से पंडित चक्रधर जोशी जैसे महान व्यक्तित्व को नई पहचान दिलाने का प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डाक सेवा बोर्ड नई दिल्ली के सदस्य उदय कृष्ण ने पंडित चक्रधर जोशी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे एक गहन चिंतक, लेखक व ज्योतिषाचार्य रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1946 में देवप्रयाग में नक्षत्र वेधशाला की स्थापना की। कार्यक्रम को केंद्रीय संचार मंत्री के सचिव नितेश्वर कुमार ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक ललित जोशी ने किया। इस दौरान पंडित चक्रधर जोशी के पुत्र आचार्य भास्कर जोशी व डॉ. प्रभाकर जोशी, निदेशक डाक सेवाएं भूपाल राम, प्रवर अधीक्षक एमसी पांडे, अधीक्षक टिहरी जीडी आर्य, अधीक्षक चमोली डीएस परमार आदि उपस्थित रहे।