राज्यपाल ने रेडक्रास के भारत में 100 वर्ष पूर्ण होने पर दी बधाई
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार को विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर भारत में रेडक्रा स के 100 वर्ष पूर्ण होने पर रेडक्रास से जुडे़ सभी लोगों को बधाई दी।
देहरादून, जेएनएन। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार को विश्व रेडक्रास दिवस के अवसर पर भारत में रेडक्रा स के 100 वर्ष पूर्ण होने पर रेडक्रास से जुडे़ सभी लोगों को बधाई दी। राज्यपाल ने उत्तराखंड राज्य ईकाई के महासचिव डा एम.एस अंसारी से दूरभाष पर वार्ता की। राज्यपाल ने प्रदेश ईकाई के माध्यम से प्रदेश के सभी रेडक्रास स्वयंसेवियों के लिए एक संदेश भी जारी किया।
राज्यपाल मौर्य ने कहा कि कोरोना वायरस के वर्तमान संकट काल में रेडक्रास की जिम्मेदारी भी बहुत बढ़ गई है। जन स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह संकट पिछले 100 वर्षों का सबसे बड़ा संकट है। राज्यपाल मौर्य ने कहा कि उन्हें खुशी है कि प्रदेश में रेडक्रास के स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। राज्यपाल मौर्य ने अपील की है कि सभी रेडक्रास ईकाइयां पूरे समर्पण के साथ बिना रूके और बिना थके अपना योगदान देती रहें।
राज्यपाल मौर्य ने कहा है कि इस समय नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। संकट के समय में मरीजों के लिए रक्त की कमी नहीं होनी चाहिये। इसके साथ-साथ रेडक्रास ईकाइयां जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करें। स्वयं सेवा ही रेडक्रास की मूल आत्मा है।
डा एम.एस अंसारी ने बताया कि भारतीय रेडक्रास समिति राज्य शाखा उत्तराखंड एवं इसके जनपदीय समितियों के द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण के बचाव एवं रोकथाम के लिए वर्तमान में 500 से अधिक स्वयं सेवक कार्य कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Aarogya Setu App उत्तराखंड में 10 दिन में आरोग्य सेतु के 1.85 लाख नए यूजर
रेडक्रास स्वयं सेवकों एवं सदस्यों द्वारा कोरोना वायरस के बचाव एवं रोकथाम के लिए जागरूकता परक अभियान, सामाजिक दूरी बनाये रखने, स्वैच्छिक रक्तदान, जिला प्रशासन द्वारा संचालित गतिविधियों सहित हेल्प डेस्क में सहयोग एवं राहत वितरण संबंधित कार्यों में निरन्तर सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेडक्रास के द्वारा लाकडाउन अवधि में 30 हजार से अधिक मास्क, 8 हजार से अधिक ग्लब्ज, 5 हजार सेनिटाइजर, 2 हजार से अधिक पीपीई किट, 8 सौ यूनिट से अधिक रक्तदान एवं 5 हजार से अधिक राशन किट जरूरतमंदों को वितरित किए गए।