राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मीडिया से जुड़े सभी प्रेस कर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मीडिया से जुड़े सभी प्रेस कर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और इसका स्वतंत्र व निष्पक्ष रहना बहुत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की अहम भूमिका है और देश की आजादी में भी मीडिया का अहम योगदान रहा है।
राज्यपाल ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष भारतीय प्रेस परिषद द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर डिजिटल युगीन पत्रकारिता में नैतिक मापदंड एवं चुनौतियां विषय पर विचार विमर्श का निर्णय लिया है। यह एक स्वागत योग्य पहल है। आधुनिक तकनीक के साथ पत्रकारिता में तेजी से बदलाव आ रह हैं और इन्होंने कई नैतिक चुनौतियां भी प्रस्तुत की हैं। सोशल मीडिया में फेक न्यूज भी एक बड़ी चुनौती है जिस पर मीडिया से जुड़े सभी कर्णधारों को गंभीरता से विचार करना होगा। अपने संदेश में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आजादी के बाद नए भारत में मीडिया अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर की विभिन्न चुनौतियों के दृष्टिगत मीडिया की भूमिका और अधिक प्रासंगिक और महत्वपूर्ण हो जाती है।