स्कूल से गायब हुई बालिका निकेतन की किशोरी, हड़कंप
राजधानी देहरादून में बालिका निकेतन की एक किशोरी के स्कूल से गायब होने के चलते हड़कंप मच गया। जिसके बाद किशोरी की गुमशुदगी दर्ज करार्इ गर्इ।
देहरादून, [जेएनएन]: बालिका निकेतन में रहने वाली राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दीपनगर की 12 साल की छात्रा स्कूल से छुट्टी के वक्त गायब हो गई। सूचना मिलते ही बालिका निकेतन में हड़कंप मच गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने नेहरू कॉलोनी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। हालांकि लड़की शाम के समय जाखन में घूमती मिल गई। लड़की बोलने और सुनने में आंशिक रूप से अक्षम है। उधर, बाल आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराने की बात कही है।
राजकीय बालिका निकेतन में रहने वाली किशोरी रोज की तरह राजकीय प्राथमिक विद्यालय (दीपनगर) में अन्य बालिकाओं के साथ पढ़ने गई थी। स्कूल की छुट्टी के वक्त बाल निकेतन की गार्ड ने लड़कियों को एकत्र किया तो एक वह गायब मिली। गार्ड ने शिक्षकों से इस संबंध में पूछताछ की तो लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
गार्ड ने इसकी सूचना जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट को दी। स्कूल से लड़की के गायब होने की सूचना पर बाल निकेतन में हड़कंप मच गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने उसकी गुमशुदगी नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने लड़की की तलाश को टीम बनाई। शाम के समय वह पुलिस को जाखन में घूमती मिल गई। बाद में पुलिस ने उसे बालिका निकेतन प्रशासन को सौंप दिया।
मूक-बाधिर को पढ़ा रहे सामान्य बच्चों के साथ
स्कूल से गायब हुई लड़की आंशिक रूप से मूक-बाधिर है। इसके बाद भी बाल निकेतन प्रशासन उसे सामान्य बच्चों के साथ पढ़ने भेज रहा है। जबकि ऐसे बच्चों को विशेष स्कूलों में पढ़ाया जाता है। इसको लेकर बालिका निकेतन प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने बताया कि वह सामान्य रूप से सुन और बोल नहीं पाती है।
उनका कहना है कि बच्ची पढ़ाई में अच्छी है, इसलिए उसे सामान्य स्कूल भेजा जा रहा है। दूसरी तरफ उत्तराखंड अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र खंडूड़ी का कहना है कि जानकारी मिली है कि स्कूल से गायब होने वाली लड़की आंशिक रूप से मूक एवं बधिर है। ऐसे बच्चों को सामान्य स्कूल में नहीं पढ़ाया जा सकता है। यह गंभीर मामला है। यह भी संभव है कि सामान्य बच्चों के साथ रहने के कारण बच्ची स्कूल में सामान्य महसूस नहीं कर पाती होगी और इसी कारण स्कूल से भागी हो। इस संबंध में पूरी जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: बालिका निकेतन से पांच नाबालिग फरार, हड़कंप
यह भी पढ़ें: पाक नागरिक को छोड़ने पर हाईकोर्ट सख्त, होगी कार्रवाई
यह भी पढ़ें: निरंकारी सत्संग भवन के मैदान में मिले दो शव, फैली सनसनी