गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना के साथ दी विदार्इ
राजधानी देहरादून में गणपति बप्पा को धूमधाम से विदार्इ दी गर्इ। इस अवसर पर द्रोणनगरी गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ से गुंजायमान रही।
देहरादून, [जेएनएन]: अनंत चतुर्थी पर गणपति विसर्जन संपन्न हो गया है। विसर्जन के अवसर पर भक्तों ने जमकर गुलाल उड़ाया। शहर में जगह-जगह शोभा यात्रा भी निकाली गर्इं। दस दिन तक भगवान गणेश की सेवा करने के बाद श्रद्धालुओं ने रविवार को गणेश मूर्ति का शुभ मुहूर्त में विसर्जन किया और अगले बरस आने की कामना की।
गणपति बप्पा मोरया...अगले बरस तू जल्दी के जयकारों से राजधानी देहरादून गुंजायमान रही। जगह-जगह भव्य शोभा यात्राएं निकाली गईं। सभी भक्तों ने एक-दूसरे पर अबीर गुलाल उड़ाकर खुशी जाहिर की। सड़कों पर भारी संख्या में भक्तों का हुजुम उमड़ पड़ा। भक्ति-भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। जिसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मूर्ति का विसर्जन किया गया।
मटकी फोड़कर मराठी बैंड की धूनों पर झूमे भक्त
सर्राफा मंडल, धामावाला की ओर से धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। इससे पूर्व टिहरी से सांसद रानी राज्यलक्ष्मी ने पंडाल पहुंचकर गणेश भगवान की आरती की। मटकी फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। शोभा यात्रा में मुख्य आकर्षण का केंद्र महाराष्ट्र का मराठी बैंड रहा। भक्तिमय माहौल में श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। समिति दल मूर्ति विसर्जन के लिए ऋषिकेश रवाना हुए हुए। इस दौरान सर्राफा अध्यक्ष सुनील मेसन, उपाध्यक्ष अनूप बडोनी, सहसचिव शेख इकबाल हुसैन, कोषाध्यक्ष सचिन कर्णवाल, अखिलेश गुप्ता, सचिव प्रीतपाल बेदी, मीडिया प्रभारी देवेंद्र ढल्ला आदि मौजूद रहे।
ढोल नगाड़ों के साथ निकाली शोभायात्रा
मोहनपुर स्थित शनिखेड़ा मंदिर से ढोल नगाड़ों के साथ भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने टोंस नदी में गणेश मूर्ति का विसर्जन किया। इस दौरान पंडित केशव शुक्ला, पंडित दिनेश शुक्ला, पंकज, मनोज राठौड़, दिनेश उनियाल, आदित्य आदि मौजूद रहे।
पूर्व विधायक राजकुमार ने किया मूर्ति का विसर्जन
राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राजकुमार ने अपने साथियों संग मालदेवता स्थित नदी में गणेश मूर्ति का विसर्जन किया। उन्होंने कहा कि गणेश पर्व उमंग और उत्साह का पर्व है, जो आपसी भाईचारे का संदेश देता है। इस दौरान बलराज सिंह, सोम प्रकाश वाल्मीकि, राजेश चौधरी, उदयवीर मल, राजेंद्र खन्ना, अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: 122 वर्ष बाद गणेश चतुर्थी पर बन रहा नक्षत्रों और ग्रहों का विशेष संयोग
यह भी पढ़ें: बदरीनाथ आरती की पांडुलिपि धरोहर के रूप में संरक्षित
यह भी पढ़ें: इस शख्स ने चौलाई के लड्डू को बदरीनाथ में दी खास पहचान