भगौड़े बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी दुबई में गिरफ्तार, दो IAS-IPS अफसरों की मुश्किलें बढ़ीं
दुबई में फरार बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी राखी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे दीपक की गिरफ्तारी की उम्मीद बढ़ी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। फ्लैट खरीदारों के 45 करोड़ रुपये से अधिक लेकर वर्ष 2020 से फरार चल रहे बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी राखी को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। इंटरपोल की इस कार्रवाई के बाद अब बिल्डर दीपक की गिरफ्तारी की उम्मीद भी बढ़ गई है।
हालांकि, बिल्डर दंपती के ठिकानों पर दस्तक के लिए इंटरपोल की मदद लेने में पुलिस की मशीनरी को पांच वर्ष से अधिक का समय लग गया। क्योंकि, लंबे समय तक सरकारी तंत्र रेड की जगह ब्लू कार्नर नोटिस पर ही अटका रहा।
दरअसल, दीपक से करीबी रखने वाले कई अफसर नहीं चाहते हैं कि उसे भारत लाया जाए। इनमें राखी की गिरफ्तारी के बाद एक वरिष्ठ आइएएस और एक आइपीएस अफसर का नाम तेजी से चर्चाओं में आ गया है। जिन्हें भगौड़े बिल्डर का पार्टनर बताया जा रहा है।
दोनों अधिकारियों की दीपक से नजदीकियां
चर्चा है कि दोनों अधिकारियों की दीपक से नजदीकियां रही हैं और उसके माध्यम से विभिन्न कारोबारी योजनाओं में पैसा भी लगाया गया है। बताया जा रहा है कि एक अधिकारी तो दीपक के साथ पूर्व में विदेश सैर भी कर चुके हैं, जबकि दूसरे अधिकारी ने तो दीपक की एक क्लब निर्माण की योजना में खुद को निदेशक के रूप में भी शामिल करा लिया था। हालांकि, दीपक के फर्जीवाड़े के बाद क्लब के निर्माण नहीं किया जा सका।
यदि दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया जाता है और उसे भारत लाया जाता है तो यह स्थिति अधिकारियों को असहज कर सकती है। क्योंकि, दीपक के फरार होने से पहले दोनों अधिकारियों ने दीपक के साथ खूब समय बिताया है। उन पलों के कई वीडियो और फ़ोटो दीपक के पास बताए जा रहे हैं। दोनों अधिकारियों को डर है कि दीपक को यदि भविष्य में भारत लाया जाता है तो जांच एजेंसियों के समक्ष उनके नाम भी सामने आ सकते हैं।
माना जा रहा है कि इन्हीं कारणों के चलते दीपक के फरार होने के बाद लंबे समय तक मामला लुकआउट सर्कुलर और फिर ब्लू कार्नर नोटिस से आगे नहीं बढ़ पाया। हालांकि, राज्य सरकार की सख्ती के बाद रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया और इंटरपोल की एंट्री हो सकी। उम्मीद है कि जिस तरह इंटरपोल राखी मित्तल तक पहुंची है, उसी तरह दीपक मित्तल तक भी पहुंच जाएगी। इन दिनों दोनों अधिकारी इसी बात से डरे-सहमे भी हैं।
