नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित चार को किया पार्टी से निष्कासित
नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य करने वालों पर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने चार वरिष्ठ कांग्रेसियों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया।
देहरादून, जेएनएन। नगर निकाय चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ कार्य करने वालों पर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने कार्रवाई की है। कार्रवाई के तहत चार वरिष्ठ कांग्रेसियों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम करने और बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने वालों के खिलाफ कांग्रेस सख्त मूड में है। ऐसे कांग्रेसियों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है। अब फिर चार कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि जिन लोगों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित किया गया है, उनमें नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष मारुति शाह, जिला कांग्रेस सेवादल चमोली के अध्यक्ष संजय रावत, अनुसूचित जाति विभाग रुद्रप्रयाग के जिलाध्यक्ष कुंवर लाल आर्य व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री खजान पांडे शामिल हैं। इन सभी को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अनुशासनहीनता पर कई अन्य लोगों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उनके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक अनुशासित संगठन है। पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।