बिना वैध वीजा के ऋषिकेश में रह रहे एक विदेशी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिना वैध वीजा के क्षेत्र में रह रहे एक विदेशी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आया था जहां से भारत-नेपाल बॉर्डर पार कर अवैध रूप से भारत में घुस आया।
ऋषिकेश, जेएनएन। बिना वैध वीजा के क्षेत्र में रह रहे एक विदेशी नागरिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सर्बिया निवासी एक व्यक्ति टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आया था, जहां से वह भारत-नेपाल बॉर्डर पार कर अवैध रूप से भारत में घुस आया।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लक्ष्मणझूला पुलिस व प्रशासन की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज लक्ष्मणझूला में शेल्टर होम बनाया गया है। यहां कुछ विदेशी भी रह रहे हैं। पुलिस व स्थानीय अभिसूचना इकाई को जानकारी मिली कि यहां एक विदेशी ऐसा भी है जो गैरकानूनी रूप से भारत में आया है।
रविवार देर रात पुलिस व स्थानीय अभिसूचना इकाई ने शेल्टर होम में विदेशी नागरिक सर्बिया निवासी डवोर कोलकोविक के पासपोर्ट व वीजा की जांच की। पता चला कि आरोपित 19 जुलाई 2019 को टूरिस्ट वीजा पर नेपाल आया था। नेपाल के लिए उसका वीजा दो अगस्त 2019 तक के लिए वैध था। मगर, यह विदेशी अपने देश नहीं लौटा।
पूछताछ में पता चला कि जनवरी 2020 में यह विदेशी सनोली क्षेत्र से भारत-नेपाल बॉर्डर पार कर अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर गया। भारत में विभिन्न स्थानों पर रहने के बाद वह विगत कुछ दिनों से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में गंगा के घाटों में छिपा हुआ था। लॉकडाउन के बाद वह किसी तरह यहां शेल्टर होम में आ पहुंचा। शेल्टर होम में खाना व रहना मुक्त होने के कारण वह यहीं रह रहा था।
थानाध्यक्ष लक्ष्मण झूला राजेंद्र पटेल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। स्थानीय अभिसूचना इकाई के उप निरीक्षक कन्हैयालाल ने बताया कि विदेशी नागरिक के संबंध में संबंधित दूतावास को भी सूचित किया गया है।