गैस की अवैध रिफिलिंग में पांच लोगों को पकड़ा, मुकदमा दर्ज Dehradun News
पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली के नेतृत्व में प्रेमनगर और सेलाकुई में छापेमारी की गई। इस दौरान गैस की अवैध रिफिलिंग करते हुए पांच लोगों को पकड़ा गया।
देहरादून, जेएनएन। पूर्ति विभाग ने गैस की अवैध रिफिलिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली के नेतृत्व में प्रेमनगर और सेलाकुई में छापेमारी की गई। इस दौरान प्रेमनगर में एक व्यक्ति और सेलाकुई में चार लोगों को अवैध रिफिलिंग करते पकड़ा गया। इन सभी आरोपितों के खिलाफ विभाग ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा मौके से 44 छोटे-बड़े सिलेंडर भी जब्त किए।
मुखबिर की सूचना पर पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने प्रेमनगर और सेलाकुई क्षेत्र में छापेमारी शुरू की। पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली ने बताया कि सुद्दोवाला में राजा होम नीड्स की दुकान के पिछले हिस्से में मोहम्मद फैसल को 14 किलो के सिलेंडर से पांच किलो के सिलेंडर में गैस भरते पकड़ा गया।
दुकान से एक भारत का सिलेंडर, 3 किलोग्राम का एक सिलेंडर, 8 किलोग्राम का एक सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 11 सिलेंडर के अलावा रिफिलिंग किट पाइप व रेगुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया।
उधर, सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में बिहाइव कॉलेज के पास कई दुकानों में छापेमारी की गई। यहां चार लोगों को अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। लेकिन चारों आरोपित फरार हो गए। सेलाकुई में गुप्ता ट्रेडर की दुकान पर 19 किलो के सिलेंडर से 14.2 किलो के सिलेंडर में रिफिलिंग करते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा गया।
यहां दुकान से 19 किलो का एक, 14 किलो के पांच, पांच किलो के सात और दस किलो के पांच सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा रिफिलिंग किट और तराजू भी जब्त किया गया। यहीं से 150 मीटर की दूरी पर भी एक दुकान पर रिफिलिंग किट, एक घरेलू सिलेंडर, एक पांच किलो का सिलेंडर जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें: उपभोक्ताओं पर पड़ी महंगाई की मार, पांच महीने में 140 रुपये बढ़े घरेलू सिलेंडर के दाम
इसी क्षेत्र में उमेश नामक व्यक्ति को घरेलू सिलेंडर से पांच किलो सिलेंडर में गैस भरते पकड़ा गया। इस्लाम को भी दुकान में चार पांच किलो व एक घरेलू सिलेंडर के साथ पकड़ा। वह भी मौके से फरार हो गया। पूर्ति विभाग की टीम में लोकेश पंथ, विजय नैथानी, होशियार सिंह, जितेंद्र पंवार शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: आवक बढ़ने के बावजूद दून में प्याज के दाम में उछाल Dehradun News