Move to Jagran APP

देहरादून की एक ब्रेड फैक्ट्री में लगी आग, छह लोगों को किया गया रेस्‍क्‍यू Dehradun News

देहरादून के पटेलनगर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में एक ब्रेड फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर छह लोगों को ऊपरी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 21 Feb 2020 11:52 AM (IST)Updated: Fri, 21 Feb 2020 08:03 PM (IST)
देहरादून की एक ब्रेड फैक्ट्री में लगी आग, छह लोगों को किया गया रेस्‍क्‍यू Dehradun News
देहरादून की एक ब्रेड फैक्ट्री में लगी आग, छह लोगों को किया गया रेस्‍क्‍यू Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। पटेलनगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ब्रेड फैक्ट्री में शुक्रवार तड़के आग लग गई। उस वक्त फैक्ट्री में सात कर्मचारी मौजूद थे, जो सबसे ऊपरी मंजिल में सो रहे थे। कर्मचारियों को आग का पता तब चला, जब एक के बाद एक सिलेंडर फटने शुरू हुए। कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। 

loksabha election banner

आग इतनी विकराल थी कि उसपर पूरी तरह काबू पाने में दमकल की सात गाड़ियों को करीब साढ़े पांच घंटे लग गए। तब तक फैक्ट्री का सारा सामान जलकर राख हो चुका था। फायर ब्रिगेड की टीम ने फैक्ट्री में फंसे सभी कर्मचारियों को सकुशल बाहर निकाल लिया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। 

पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि पटेलनगर में रिलायंस फूड प्रोसेसिंग ब्रेड फैक्ट्री है। जिसमें ब्रेड, बन और रस बनाए जाते हैं। फैक्ट्री के पहले और दूसरे फ्लोर पर भट्ठियां हैं, जहां ब्रेड, बन और रस बनाने का काम होता है। इन भट्ठियों को हीट करने के लिए ग्राउंड फ्लोर में सिलेंडर लगाए गए है,। जिनसे गैस पाइप के जरिये भट्ठियों तक पहुंचाई जाती है। इसके बाद तीसरे फ्लोर पर स्टोर है। यहीं कर्मचारियों के सोने की भी व्यवस्था है।

गुरुवार रात फैक्ट्री में मौजूद सभी सात कर्मचारी तीसरे फ्लोर पर सो रहे थे। तड़के किसी समय ग्राउंड फ्लोर में आग लग गई। जो कुछ ही देर में सिलेंडरों तक पहुंच गई। इससे सिलेंडर फटने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर कर्मचारियों की नींद खुली तो उन्होंने खुद को आग से घिरा पाया। सिलेंडरों के फटने से आग विकराल हो गई थी। श्रमिकों ने मदद के लिए काफी चीख-पुकार की, मगर उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंची। 

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तड़के करीब साढ़े तीन बजे किसी कर्मचारी ने कंट्रोल रूम को फोन कर आग लगने की सूचना दी। तत्काल यह जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। करीब पांच मिनट बाद दमकल की टीम फैक्ट्री पहुंच गई। तब तक आग फैक्ट्री के दूसरे फ्लोर तक पहुंच चुकी थी और तेजी से ऊपर की ओर बढ़ रही थी। आग और धुएं के कारण श्रमिकों का दम घुट रहा था। आग के कारण फैक्ट्री के अंदर से ऊपर नहीं जाया जा सकता था। ऐसे में अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर आग के बीच फंसे सातों श्रमिकों को बाहर निकाला। तड़के 3:35 बजे पहुंची दमकल की टीम सुबह नौ बजे आग को बुझा पाई। टीम में 24 दमकलकर्मी मौजूद थे। 

इसलिए दूसरी फैक्ट्रियों तक नहीं पहुंची आग

जिस ब्रेड फैक्ट्री में आग लगी, उसके एक ओर खाली जमीन पड़ी है। जबकि दूसरी तरफ बड़ी सी दीवार है। उसके बाद अन्य फैक्ट्रियां और प्रतिष्ठान बने हैं। इसीलिए आग ब्रेड फैक्ट्री तक ही सीमित रही। अगर फैक्ट्री से सटा हुआ कोई प्रतिष्ठान होता, तो वह भी आग की चपेट में आ जाता। इससे काफी बड़ा हादसा हो सकता था। 

लगातार छह धमाकों से सहम गए लोग

घटना के वक्त फैक्ट्री में करीब एक दर्जन सिलेंडर थे। जिनमें से छह सिलेंडर एक के बाद एक फटे तो धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के प्रतिष्ठानों में मौजूद कर्मचारी व अन्य लोग सहम गए। सभी तत्काल बाहर की तरफ भागे। ब्रेड फैक्ट्री में भीषण आग देखकर लोगों के पांव तले जमीन खिसक गई। गनीमत रही कि सिलेंडर बाहर की तरफ रखे थे, वरना पहले फ्लोर की छत भी फट सकती थी। 

कैंट एरिया और शैक्षिक संस्थाओं को सप्लाई होती है ब्रेड 

फैक्ट्री से दून के कैंट एरिया और अधिकतर शैक्षणिक संस्थाओं को ब्रेड व अन्य खाद्य सामग्री सप्लाई होती है। इसके अलावा शहर के कई दुकानदार भी फैक्ट्री से ब्रेड ले जाते हैं। जो भी ब्रेड खरीदने के लिए आया, वह फैक्ट्री की स्थिति देखकर हैरान रह गया।

रेस्क्यू कर इन्हें बचाया गया

घटना के वक्त फैक्ट्री में धर्मेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, मनीष, पवन कुमार, संजय, धर्मेंद्र और ज्ञानसू मौजूद थे। ये सभी फैक्ट्री में काम करते हैं और बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। 

यह भी पढ़ें: पत्तल स्टोर में लगी आग, काबू पाने में लग गए 13 घंटे Dehradun News

प्रभारी पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि सुबह साढ़े तीन बजे आग लगने की सूचना मिली थी। फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाकर तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिए गए। पहली प्राथमिकता ऊपरी मंजिल में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालना था। सीढ़ी लगाकर उन्हें रेस्क्यू किया गया। सामान लगभग सारा जल गया है। बहुत मुश्किल से आग पर काबू पाया जा सका।

यह भी पढ़ें: विकासनगर में स्टोर में लगी आग, शादी का सामान जलकर राख Dehradun News


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.