वजन कम करने के लिए नियमित तौर पर करें व्यायाम
नियमित तौर पर व्यायाम करने से ज्यादा मात्रा में कैलोरी बर्न होती है जिसके परिणामस्वरूप वजन कम करने में मदद मिलती है।
देहरादून, सुकांत ममगाईं। स्वस्थ तरीके से वजन कम करने के लिए व्यायाम सबसे अच्छे विकल्पों में से एक है। नियमित तौर पर व्यायाम करने से ज्यादा मात्रा में कैलोरी बर्न होती है, जिसके परिणामस्वरूप वजन कम करने में मदद मिलती है। प्रभावी रूप से वजन कम करने के लिए आपको सेवन की गई कैलोरी की तुलना में अधिक कैलोरी बर्न करने की जरूरत होती है। नियमित रूप से व्यायाम करने से न सिर्फ वजन कम करने में मदद मिलती है बल्कि इससे कई लाभ मिलते हैं। व्यायाम प्राकृतिक रूप से कई स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम करता है। शारीरिक गतिविधियों की कमी ह्रदय रोगों के जोखिम को बढ़ाने के साथ कई बीमारियों को बढ़ा देती है। सीमित डाइट के साथ सही व्यायाम आपके फिटनेस गोल को पूरा करने में मदद करता है। अधिकतम लाभ पाने के लिए आप अपने शरीर के मुताबिक वर्कआउट का चुनाव कर सकते हैं।
अब नहीं तो कब
नियमित व्यायाम उन लोगों के लिए बहुत मुश्किल काम हो जाता है, जो लोग इसे करना तो चाहते हैं, लेकिन शुरुआत नहीं कर पा रहे हैं। कई लोग होते हैं जो ये सोचते रहते हैं कि हम कल से व्यायाम शुरू करेंगे, लेकिन वो कल कभी नहीं आता। ऐसे में अपने आलस को दूर करें। जान लें कि व्यायाम के लिए कोई समय नहीं होता। ये आप कभी भी शुरू कर सकते हैं। इसके लिए आपको कोई तैयारी करने की जरूरत नहीं होती है। इसके अलावा जब आप सिर्फ व्यायाम के लिए सोचते रहते हैं और कर नहीं पाते तो ये चीज आपको हतोत्साहित कर सकती है। आप ये ना सोचें कि व्यायाम तभी होगा जब आप जिम में जाकर मशीनों पर घंटों समय बिताएंगे। इसके लिए आप रोजाना थोड़ी देर दौड़ सकते हैं या फिर कोई भी छोटी सी एक्सरसाइज कर सकते हैं। धीरे-धीरे यह आपकी आदत बन जाएगी।
बनाए रखें एनर्जी
अगर शरीर में एनर्जी की कमी हो, तो आपके रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं। एनर्जी न हो तो शरीर सुस्त मालूम पड़ता है। इस कारण आपका शरीर ढुलमुल रहता है और थोड़ा काम करते ही आप थका हुआ महसूस करने लगते हैं। शरीर को एक्टिव रखने के लिए एनर्जी यानी ऊर्जा बहुत जरूरी है। यही नहीं, एनर्जी ही हमारे जीवन का आधार है। हमारे शरीर की हर छोटी गतिविधि के लिए, जैसे- दिल के धड़कने, खून के नसों में दौडऩे, सांस लेने, किडनी द्वारा खून को छानने आदि के लिए एनर्जी बहुत जरूरी है। कई बार शरीर में एनर्जी की कमी शरीर में पल रहे किसी रोग का संकेत हो सकती है। बहुत सारे लोगों में एनर्जी की कमी और सुस्ती का कारण उनकी रोजमर्रा की गलत आदतें भी होती हैं। अगर आप रोज सुबह उठकर 30 मिनट व्यायाम या योगासन करेंगे, तो आपका शरीर दिनभर एनर्जी से भरा रहेगा।
मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा
ये बात आप पहले से सुनते आए हैं कि व्यायाम शारीर केसाथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर है। मगर हाल में हुए एक शोध में यह बात पता चली है कि व्यायाम सिर्फ आपके मूड को सही नहीं रखता है, बल्कि डिप्रेशन, सीजोफ्रेनिया, अल्जाइमर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाने में भी मददगार है। यूनिवर्सिटी ऑफ वरमोंट मेडिकल सेंटर ने यह शोध किया है।
यह भी पढ़ें: कुछ सामान्य उपाय अपनाकर रखें अपनी आंखों का ख्याल
जिसमें मानसिक समस्याओं से ग्रस्त 100 लोगों को चुना और उनके लिए एक खास जिम डिजाइन किया। जिम में इन सभी लोगों को रोजाना एक घंटे व्यायाम करवाया गया और उनकी मानसिक बीमारी के आधार पर उन्हें डाइट दी गई। इस दौरान साइकोथेरेपिस्ट्स की एक टीम ने इन मरीजों के मूड, आत्म सम्मान, आत्म छवि पर नजर रखी। उन्होंने पाया कि मरीजों के गुस्से, तनाव और डिप्रेशन में कमी हुई है और सभी मरीजों का आत्म सम्मान, खुद के प्रति सोच और छवि बेहतर हुई है।
यह भी पढ़ें: उपवास से बढ़कर कोई औषधि नहीं, संतुलित आहार भी कई रोगों को रखे दूर