गंगा की अपराधी है केंद्र सरकार: हरीश
पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने गंगा को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने गंगा को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गंगा की अपराधी तो है ही, ऐसा लगता है कि उसने गंगा भक्तों को मरने के लिए छोड़ दिया है। उनके प्रति संवेदनहीन हो गई हैं दोनों सरकारें। उन्होंने केंद्र सरकार पर तीन बड़े पाप करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रावत ने रविवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकारों ने गंगा की सफाई के कार्यक्रम को धक्का पहुंचाया है और अब वे गंगा भक्तों की सफाई करने लगे हैं। पहले निगमानंद और फिर ज्ञानस्वरूप सानंद गए। स्वामी नागनाथ के बाद गोपाल दास गायब हो गए। अब ब्रह्मचारी आत्मबोधानंद 89 दिन से उपवास पर हैं। दिल्ली तो छोड़िए, देहरादून में भी कोई प्रयास नहीं हो रहा है कि उनकी चिंता को समझा जाए।
रावत ने कहा कि शनिवार को उन्होंने आत्मबोधानंद से मुलाकात कर अनुरोध किया कि वे इस लड़ाई को कुछ समय के लिए स्थगित कर दें, लेकिन वे कटिबद्ध हैं। देश के तमाम सगंठनों और नामचीन लोगों तय किया है कि वे आत्मबोधानंद के समर्थन में हरिद्वार से दिल्ली तक मार्च करेंगे। कांग्रेस इसमें सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आत्मबोधानंद की बात सुनने के लिए केंद्र को पत्र लिखेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, गंगा की बड़े पैमाने पर व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ हैं। गंगा के प्रोजेक्ट को सरकार ने नॉन फंडिंग बना दिया है। कांग्रेस अपने संकल्प पत्र में भी गंगा के मसले को शामिल करेगी।
सवर्णो के लिए आरक्षण कांग्रेस की देन
कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने कहा कि सवर्णो में गरीबों के लिए आरक्षण कांग्रेस की देन है। कांग्रेस ने 1992 में यह आरक्षण दिया, मगर कोर्ट के आदेश के बाद मुहिम थम गई। 2010 में फिर प्रयास किए गए थे। इस बार भाजपा प्रस्ताव लेकर आई तो हमने समर्थन किया, लेकिन इसका यह अर्थ नहीं कि मोदी सरकार ने बेरेाजगारों के साथ जो पाप किया है, उसे कांग्रेस ने माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी युग रोजगारहीनता के लिए जाना जाएगा। तीन करोड़ सरकारी सेवाओं के पद मृत घोषित करने, केंद्रीय मंत्रालय में रिक्त 24 लाख पदों के रिक्त होने और जीएसटी व नोटबंदी ने एक करोड़ लोगों से काम छिनने संबंधी सवालों का जवाब कांग्रेस व जनता जरूर भाजपा से पूछेगी।
उत्तराखंडियत की हो रही हत्या
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उत्तराखंडियत की हत्या हो रही है। इसका ताजा उदाहरण गैरसैण है। वहां कामकाज ठप है। विस का संकल्प है कि बजट सत्र गैरसैंण में होगा। इस संकल्प को समाप्त किए बगैर कैसे बजट सत्र दून में किया जा रहा है। गैरसैंण में सचिवालय के मामले को उलझाया जा रहा है।
राहुल तय करेंगे कि चुनाव लड़ना है या नहीं
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि वे हर लोस क्षेत्र में जा रहे हैं। वे लोस चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह राहुल गांधी के आदेश पर निर्भर करेगा। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा से संबंधित प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कांगेस कोई भी कार्यक्रम करेगी, उसमें हरीश रावत भी पार्ट है।
दल बदल में माहिर हैं बहुगुणा
एक प्रश्न पर रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा दल बदल में माहिर हैं। हर किसी की अपनी क्वालिटी होती है। राज्य को स्थिरता की जरूरत है और बहुगुणा पूर्व में इसके दोषी रहे हैं।