मजदूरी करने जा रही महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पीटा; ग्रामीणों ने किया पुलिस के हवाले
रुड़की में मजदूरी पर जा रही एक महिला से चार व्यक्तियों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध जताने पर आरोपितों ने महिला की पिटाई भी की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
रुड़की(हरिद्वार), जेएनएन। हरिद्वार जिले के रुड़की में मजदूरी पर जा रही एक महिला से चार व्यक्तियों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध जताने पर आरोपितों ने महिला की पिटाई भी की। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आरोपितों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल, आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला मजदूरी करती है। शुक्रवार को वह हरिद्वार रोड स्थित होंडा शोरूम के पास मजदूरी करने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में खड़े बेलड़ा गांव के चार व्यक्तियों ने उसे अकेला देख आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बावजूद महिला वहां से चुपचाप आगे निकल गई, लेकिन आरोपित यहीं नहीं रुके और उसे पकड़ लिया। साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
महिला ने जब शोर मचाते हुए इनकी हरकतों का विरोध जताया तो आरोपितों ने उसकी पिटाई कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देख आरोपित वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर आरेपितों को धर दबोचा। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लिया है।
यह भी पढ़ें: फ्लैट लेकर रह रही विदेशी महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपित के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
वहीं, इस मामले को लेकर महिला की तरफ से सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी गई है। इस मामले में अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश साह ने बताया कि पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी। महिला के बयान दर्ज किये जा रहे है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जाएंगे।
यह भी पढ़ें: नाबालिग बहन से दुष्कर्म करने वाला आरोपित गिरफ्तार, गर्भवती होने पर खुला मामला