विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रोडवेज कर्मियों को फिलहाल मिलता रहेगा ESI का लाभ, दो माह के भुगतान की शर्त पर इलाज शुरू

By Raksha PanthriEdited By:
Published: Wed, 06 Jan 2021 12:56 PM (IST)

बगैर वेतन काम कर रहे रोडवेज कर्मचारियों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइ) से फिलहाल इलाज मिलता रहेगा। पांच महीने ...और पढ़ें

रोडवेज कर्मियों को फिलहाल मिलता रहेगा ESI का लाभ।
रोडवेज कर्मियों को फिलहाल मिलता रहेगा ESI का लाभ।

जागरण संवाददाता, देहरादून। बगैर वेतन काम कर रहे रोडवेज कर्मचारियों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआइ) से फिलहाल इलाज मिलता रहेगा। पांच महीने से ईएसआइ की किश्त जमा नहीं करने पर बीते हफ्ते ईएसआइ ने रोडवेज कर्मचारियों को उपचार देना बंद कर दिया था। इसके विरोध में कर्मचारी यूनियन के तेवर तल्ख हो गए थे। आनन-फानन  मंगलवार को रोडवेज और ईएसआइ अधिकारियों की वार्ता हुई, जिसमें रोडवेज ने अगस्त और सितंबर की ईएसआइ किश्त का भुगतान अगले 10 दिन में करने का भरोसा दिया। इसके बाद ईएसआइ ने रोडवेज कर्मचारियों के उपचार की सुविधा फिर बहाल कर दी। 

कोरोना काल के कारण रोडवेज कर्मियों को पिछले साल मार्च से ही वेतन तीन से चार महीने की देरी से मिल रहा। वर्तमान में रोडवेज प्रबंधन पर अगस्त से दिसंबर तक यानी पांच महीने का वेतन लंबित हो चुका है। बताया जा रहा कि रोडवेज मुख्यालय ने कर्मचारियों की जुलाई तक की ईएसआइ की किश्त जमा की हुई है, जबकि अगस्त से वेतन न देने के कारण ईएसआई को भी भुगतान नहीं किया गया।

इस दौरान जब कर्मचारी पिछले दिनों ईएसआइ अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे तो उन्हें बैरंग लौटा दिया गया। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने रोडवेज के प्रबंध निदेशक को बीते शुक्रवार को पत्र देते हुए बताया था कि टनकपुर, पिथौरागढ़, दून व हल्द्वानी आदि जगहों से कर्मचारियों को उपचार नहीं मिलने की शिकायतें मिल रही हैं।

यूनियन ने बताया कि विशेष श्रेणी और संविदा वाले कर्मचारियों के लिए इस समय घर चलाना मुश्किल हो चुका है। कर्मचारी उधार लेकर घर का खर्चा चला रहे। ऐसे में ईएसआइ से मुफ्त में मिलने वाला इलाज भी बंद हो गया तो बेचारा गरीब कर्मचारी क्या करेगा। यूनियन ने प्रबंधन से मांग की है कि मुफ्त इलाज जारी रखने के लिए वह ईएसआइ को दिसंबर तक का भुगतान करे। 

इधर, मंगलवार को महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने कर्मचारियों को जानकारी दी कि ईएसआइ ने उपचार की सुविधा बहाल कर दी है। उन्होंने बताया कि अगस्त और सितंबर की किश्त ईएसआइ में 15 जनवरी तक जमा कर दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने वेतन को लेकर अभी समय लगने की बात कही।