युवाओं को नशे से बचाने को आगे आएं प्रबुद्धजन
विकासनगर युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर ग्राम पंचायत ढकरानी में कार्यक्रम आयोजित कर इस पर चिंता जताई गई। ग्राम प्रधान ने सभी से इस बुरी लत को समाप्त करने की अपील की।
संवाद सहयोगी, विकासनगर: युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर ग्राम पंचायत ढकरानी में कार्यक्रम आयोजित कर चिंता जताई गई है। ग्राम प्रधान ने गांव में बढ़ रहे नशे को रोकने के लिए प्रबुद्ध वर्ग व ग्रामीणों से पुलिस प्रशासन के सहयोग की अपील की। उन्होंने नशे की लत से युवाओं को बचाने के लिए इस धंधे में जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाने को कहा। इसके अलास प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई की मांग भी की।
ढकरानी ग्राम प्रधान जाहिरा खातून ने गांव में बढ़ रहे नशे के धंधे व इससे प्रभावित हो रहे युवाओं की स्थिति पर चिता जताई है। ग्राम प्रधान ने अपने आवास पर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की और गंभीर होती जा रही नशे की समस्या पर लगाम लगाने के लिए प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। ग्राम प्रधान ने कहा कि जब तक गांव का एक-एक निवासी इस समस्या की समाप्ति के लिए खड़ा नहीं होगा, तब तक इसे रोका नहीं जा सकेगा। कहा कि एक के बाद एक नशे की लत का शिकार होते जा रहे बच्चों को देखकर ग्रामीणों को यह समझ लेना चाहिए कि आने वाले दिनों में किसी भी परिवार का बच्चा नशे की लत का शिकार हो सकता है। नशे की लत व इसका धंधा करने वालों की रोकथाम बेहद जरूरी है। कहा कि पंचायत के स्तर से गांव में रैली निकालकर व घर-घर जाकर नशे के बारे में सभी ग्रामवासियों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने सभी ग्रामवासियों व पुलिस प्रशासन से इस बुराई को समाप्त करने की मांग की है।