अच्छी खबर, शुरू होगा दूरदर्शन उत्तराखंड दिखेंगे स्थानीय कार्यक्रम
दूरदर्शन उत्तराखंड में भी रीजनल लैंगुएज सैटेलाइट सर्विस चैनल शुरू करने जा रहा है। इसमें गढ़वाली-कुमाउंनी व अन्य स्थानीय बोलियों में समाचार व अन्य कार्यक्रम सुनने को मिलेंगे।

देहरादून, जेएनएन। उत्तराखंडवासियों के लिए अच्छी खबर है। दूरदर्शन उत्तराखंड में भी रीजनल लैंगुएज सैटेलाइट सर्विस चैनल शुरू करने जा रहा है। इस चैनल का नाम डीडी उत्तराखंड होगा, जिसमें गढ़वाली-कुमाउंनी व अन्य स्थानीय बोलियों में समाचार व अन्य कार्यक्रम सुनने को मिलेंगे। जाहिर है कि इससे उत्तराखंड की क्षेत्रीय बोलियों को प्रोत्साहन मिलेगा। चैनल का प्रसारण 24 घंटे होगा। तीन से चार महीने के भीतर चैनल का प्रसारण शुरू हो जाएगा।
दूरदर्शन देहरादून के केंद्राध्यक्ष डॉ. सुभाष चंद्र थलेड़ी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में क्षेत्रीय क्षेत्रीय चैनल लांच करने का निर्णय लिया है। इसमें उत्तराखंड के अलावा छत्तीसगढ़, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा आदि हैं। डॉ. थलेड़ी ने बताया कि प्रदेश में शुरू हो रहे चैनल का नाम डीडी उत्तराखंड रखा जाएगा।
यह मिक्सड चैनल होगा, जिसमें कृषि, मनोरंजन, संगीत, समाचार व अन्य कार्यक्रम प्रसारित होंगे। सभी कार्यक्रम गढ़वाली, कुमाउंनी व अन्य स्थानीय बोलियों में होंगे। शुरू होने वाले नए 11 चैनलों का बजट भी पास हो चुका है, अब जल्द ही प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। डीडी उत्तराखंड फ्री-टू-एयर चैनल होगा। उत्तराखंड को पृथक दूरदर्शन चैनल दिए जाने के लिए राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
सीएम ने किया ट्वीट
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड को दूरदर्शन चैनल की सुविधा दिए जाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए ट्वीट किया है। कहा कि निश्चित रूप से डीडी उत्तराखंड हमारे राज्य की संस्कृति, सभ्यता को प्रचारित करके एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को मजबूती देगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।