अमेरिका के ऑनलाइन लाइव शो में परफॉर्म करेंगी दून की शिकायना, उनके इस गाने को किया जा रहा काफी पसंद
सुपर स्टार सिंगर में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकीं दून की शिकायना मुखिया जल्द ही अमेरिका के ऑनलाइन लाइव शो मे अंग्रेजी गानों की प्रस्तुति देंगी। इसके एवज में उन्हें पेमेंट भी किया जाएगा। जानिए शिकायना के बारे में।
देहरादून, जेएनएन। देश के लोकप्रिय सिंगिंग शो दि वॉयस इंडिया किड्स और सुपर स्टार सिंगर में अपनी आवाज का जादू बिखेर चुकीं दून की शिकायना मुखिया जल्द ही अमेरिका के ऑनलाइन लाइव शो मे अंग्रेजी गानों की प्रस्तुति देंगी। इसके एवज में उन्हें हर शो का पेमेंट भी किया जाएगा। यह उपलब्धि उन्होंने लॉकडाउन में गाए अपने एक गाने से हासिल की है।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली डालनवाला निवासी शिकायना 2019 में काफी चर्चाओं में रही थीं। उन्होंने सिंगिंग टीवी शो के माध्यम से सभी को अपनी आवाज का दीवाना बना दिया। शिकायना के पिता विकास मुखिया ने बताया कि लॉकडाउन में अब तक शिकायना ने 20 से ज्यादा हिंदी और अंग्रेजी गाने गाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए हैं। इन्हीं में से एक लेट्स इट बी अंग्रेजी गाना लोगों को खूब पसंद आया। यह गाना अमेरिका में दुनिया के कलाकारों को जोड़कर लाइव शो करने वाले सीजन लाइव डॉट कॉम के पदाधिकारियों तक पहुंचा।
उन्होंने कुछ दिन पहले ई-मेल किया, जिसमें कहा गया कि शिकायना उनके कार्यक्रम में भाग लेना चाहती हैं तो वह आवेदन कर सकती हैं। इसमें भी शिकायना ने लेट्स इट बी समेत चार गाने उन्हें भेजे। गत गुरुवार को उन्हें अमेरिका से फोन आया कि शिकायना का लेट्स इट बी गाना उन्हें काफी पसंद आया। इस गाने से उनकी ऑनलाइन वेबसाइट पर श्रोता काफी प्रभावित हुए। इसलिए इस प्लेटफॉर्म के लिए शिकायना को आमंत्रित किया गया है। इस शो के लिए ऑनलाइन टिकट खरीदकर ही लोग शो में शामिल हो सकते हैं। ऑनलाइन शो कराने वाली कपंनी शिकायना के लिए माइक और कैमरा भेजेगी। अगले महीने तक शिकायना शो से जुड़ेंगी और अंग्रेजी गानों की प्रस्तुति देकर देश ही नहीं दुनियाभर में प्रशंसकों का एक बार फिर दिल जीतेंगी।
उत्तराखंडी परिधान में ऊषा पहले और शिल्पा दूसरे स्थान पर
एंगेजिंग यंग इंडिया ने एंजॉय यॉर लाकडाउन ऑनलाइन ब्यूटी कॉन्टेस्ट आयोजित किया। उत्तराखंडी परिधान में देहरादून की उषा, साड़ी प्रतियोगिता में प्रीति शर्मा, शूट में शिवानी और व्यंजन में अंजना बंसल ने प्रथम स्थान हासिल किया। गत माह के अंतिम सप्ताह में तीन श्रेणी में ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें दून, पौड़ी, नैनीताल, टिहरी, यूएस नगर के 925 प्रतिभागियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन किया।
शुक्रवार को एंगेजिंग यंग इंडिया की अध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल शर्मा ने प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए। उत्तराखंडी परिधान में देहरादून की ऊषा देवी प्रथम, देहरादून की ही शिल्पा भटट् बहुगुणा द्वितीय व गायत्री चौहान ने तृतीय स्थान हासिल किया। साड़ी प्रतियोगिता में देहरादून की प्रीति शर्मा प्रथम, वर्णनिका पाल द्वितीय और रुद्रपुर की गीतांजली तृतीय स्थान पर रही, सूट प्रतियोगिता में दून की शिवानी बंसीवाल प्रथम, दून की नेहा टंडन द्वितीय और नैनीताल की उषा पांडेय तृतीय स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ें: युवाओं को उत्तराखंड की संस्कृति से पहचान करा रहे हैं लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी
व्यंजन प्रतियोगिता में दून की अंजना बंसल प्रथम, माला मल्होत्र द्वितीय, जबकि सविता तूतीय स्थान पर रहीं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों की क्षमता विकास के साथ-साथ रचनात्मक कार्यों को करते हुए लॉकडाउन को रोचक बनाना था। उन्होंने बताया कि 16 सांत्वना पुरस्कारों की घोषणा की गई जिसमें पिंकी पुंडीर, अंजना साहनी, दामिनी यादव, इंद्रदीप बोहरा, संचिता, पूजा रावत, शिवानी पुंडीर, नैना डंडरियाल, सपना कुंवर, सोनी चमोली, हर्षिता पंत आदि शामिल हैं।