अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर उत्कृष्ट काम कर रहे दिव्यांगों को किया सम्मानित
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के मौके पर दून में विभिन्न संस्थान और संस्थाओं ने कार्यक्रम आयोजित किए। इस मौके पर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट काम कर रहे दिव्यांगों को सम्मानित भी किया गया। कोरोना के चलते इस साल बड़े स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित न कर वर्चुअल माध्यम पर जोर रहा।
जागरण संवाददाता, देहरादून। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के मौके पर दून में विभिन्न संस्थान और संस्थाओं ने कार्यक्रम आयोजित किए। इस मौके पर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट काम कर रहे दिव्यांगों को सम्मानित भी किया गया। हालांकि कोरोना के चलते इस साल बड़े स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित न करते हुए वर्चुअल माध्यम पर जोर रहा।
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीडियो संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग छात्रों की शिक्षा के लिए संस्थान उत्कृष्ट काम कर रहा है। यहां से पढ़ रहे और काम करने वाले दिव्यांगों ने भी अपने काम के दम पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। वह कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ. हिग्माशू दास ने संस्थान के कर्मचारी एके मित्तल एवं पिन्चा को मरणोपरांत लाइफ टाइम कॉन्ट्रीब्यूशन अवार्ड उनके परिवार को सौंपा।
दिव्यांगों को दक्ष दिव्यांग पुरस्कार
विश्व दिव्यांग दिवस 2020 के उपलक्ष्य में समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय दिव्यांग पुरस्कार का वितरण किया गया। देहरादून में कचहरी स्थित एनआइसी सभागार में जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने विजेताओं को सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि दिव्यांगों की मदद करना ही काफी नहीं उन्हें स्वावलंबी बनाया जाना जरूरी है। इस वर्ष कुल 54 व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिया गया, जिसमें 12 देहरादून से हैं। इनमें से 6 दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, 2 दक्ष दिव्यांग खिलाड़ी, 3 स्वरोजगार में रत दिव्यांग एवं एक संस्था शामिल रही। इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी हेमलता पांडे एवं मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इन लोगों और संस्था को मिला सम्मान
खिलाड़ी
नीरजा गोयल , प्रखर चमोली, कर्मचारी।
कुशल सिंह पुंडीर, बलवंत सिंह, गीता सोनी, ममता, प्रियंका गर्ग, विशाल पंचोली।
स्वरोजगार
जूबैर, अब्दुल, फुरकान
संस्था
श्री सत्य साई सेवा आश्रम समिति, देहरादून
दिव्यांगों की शिक्षा में कोताही ना बरती जाए
बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिव्यांग दिवस के मौके पर शिक्षा विभाग को पत्र लिखते हुए दिव्यांगों की शिक्षा की पैरवी की है। आयोग अध्यक्ष ऊषा नेगी ने शिक्षा महानिदेशक को पत्र लिखते हुए नौ बिंदुओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर बिंदु पर राज्य की मौजूदा स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट बाल आयोग को एक महीने के भीतर उपलब्ध करवाने के आदेश भी दिए हैं। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि जब स्कूलों में विशेष शिक्षक होंगे, तभी दिव्यांग छात्रों के अभिभावक उनका दाखिला स्कूल में करवाएंगे और हर दिव्यांग को शिक्षा मिलेगी। उन्होंने पूर्व में सर्व शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग छात्रों को स्कूल ले जाने के लिए हर ब्लॉक में तैनात दो-दो शिक्षकों को हटाए जाने पर भी चिंता जाहिर की।
संगोष्ठी का आयोजन
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगता दिवस पर शांति विहार, गोविंदगढ़ स्थित दून डिफरेंटली एबल ट्रस्ट के उपकार्यालय में मुनीशाभा सेवा सदन पुनर्वास संस्थान एवं दून डिफरेंटली एबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभी को दिव्यांग अधिकार अधिनियम 2016 की भी जानकारी दी गई। संगोष्ठी की अध्यक्षता दून डिफरेंटली एबल ट्रस्ट की संचालिका निरुपमा सूद ने की। इस अवसर पर अनंत प्रकाश मेहरा, राजपाल सिंह, आकाश रावत, राजवीर रावत, अभिनव, सौरभ, रुचि ग्रोवर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
दिव्यांगों को बांटे कंबल
पर्वतीय विकलांग सेवा संस्थान ने विश्व दिव्यांग दिवस पर दिव्यांगों को 80 कंबल एवं व्हीलचेयर बांटी। संस्थान के इंदररोड स्थित कार्यालय में आयोजित दिव्यांग मार्ग दर्शन शिविर में राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन बाहरी ने समाज कल्याण विभाग, उत्तराखंड सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. एस फारूख रहे। इस अवसर पर सेनि. ब्रिगेडियर केजी बहल, संरक्षक सेवा सिंह मठारू मौजूद रहे।