आपदा प्रबंधन में अपनाएं 2013 के मानक
राज्य ब्यूरो, देहरादून धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी राज्य सरकार की ओर से आपदा प्र
राज्य ब्यूरो, देहरादून
धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश धामी राज्य सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन के लिए उठाए गए कदमों से संतुष्ट हैं। चंपावत व पिथौरागढ़ जिलों के विस क्षेत्रों की शुक्रवार को हुई समीक्षा में भाग लेने के बाद सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आपदा से संबंधित कार्य ठीक हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि वर्ष 2013 में आई आपदा के दौरान तत्कालीन सरकार ने जो मानक अपनाए थे, उन्हीं को अब भी अपनाया जाना चाहिए।
विधायक धामी ने स्थानीय निवासियों के लिए हेली सेवाओं को निश्शुल्क करने का भी सरकार को सुझाव दिया। कहा कि ऐसी व्यवस्था 2013 में भी थी। हालांकि, उन्होंने विकास के मोर्चे पर सरकार को घेरने का प्रयास किया। कहा कि उनके क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री की 37 घोषणाएं हुई हैं, जिनमें से अभी तक एक ही पूर्ण हो पाई है।
विधायक ने कहा कि उन्होंने अपने विस क्षेत्र की तमाम मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखी हैं। यदि 15 दिन में इन पर कार्रवाई नहीं हुई तो फिर लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके विस क्षेत्र में सत्तापक्ष के कुछ लोग वहां कार्य करने वालों को धमका रहे हैं। इसकी शिकायत खुद भाजपा के कार्यकर्ता ने अपने पार्टी फोरम में की है। इस प्रवृति पर रोक लगनी चाहिए।