Lockdown Effect: गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, तीन मई तक दर्शनार्थियों को अनुमति नहीं
Gangotri and Yamunotri Yatra गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुल गए हैं लेकिन किसी भी श्रद्धालु को मंदिर परिसर में आने पर पूरी तरह से रोक है।
उत्तरकाशी, शैलेंद्र गोदियाल। कोविड-19 के खिलाफ धामों में भी कोरोना के खिलाफ जंग चल रही है। बीते रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के बाद सोमवार को तीर्थ पुरोहितों ने कोरोना महामारी से मुक्ति के लिए दोनों धामों में हवन और पूजा अर्चना की। दोनों धामों में परिसर के गेट बंद कर दिए गए हैं। किसी भी श्रद्धालु मंदिर परिसर में तीन मई तक आने और दर्शन करने पर पूरी तरह से रोक है। इसके अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री बाजार भी पूरी तरह से बंद रखा गया है। लॉकडाउन का नियम न टूटे इस लिए तीर्थ पुरोहितों की संख्या भी सीमित रखी गई है।
गंगोत्री धाम में सोमवार सुबह चार बजे से तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल व अनुज सेमवाल ने पूजा अर्चना शुरू हुई। सबसे पहले मां गंगा का श्रृंगार किया गया। सुबह छह बजे मंगल आरती हुई। जिसमें कोई अन्य पुरोहित भी शामिल नहीं हुआ। जिसके बाद इन दोनों तीर्थ पुरोहितों ने भारत और विश्व से कोरोना मुक्ति के लिए हवन किया। इसके साथ ही गंगा सहस्रनाम पाठ, गंगा लहरी पाठ, गंगा के बीज मंत्र से जाप भी किया। जिसके बाद मां गंगा को केशरी चावल का भोग लगाया गया।
गंगोत्री मंदिर समिति के सह सचिव राजेश सेमवाल कहते हैं कि लॉकडाउन और शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कोरोना मुक्ति के लिए अनुष्ठान किया गया। यह अनुष्ठान नियमित चलेगा। उन्होंने कहा कि दो तीर्थ पुरोहितों के अलावा सोमवार को मंदिर में कोई नहीं गया। मंदिर परिसर का स्वागत द्वार को भी बंद किया हुआ है। जिससे स्थानीय साधु संत व अन्य लोग भी लॉकडाउन तक मंदिर में न आएं।
मंदिर समिति अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने कहा कि हर मंदिर में दो तीर्थ पुरोहितों की तैनाती की गई। जिससे परंपराएं अक्षुण रहे और मां गंगा सुपूज्य रहे। बस सभी तीर्थ पुरोहित अपने-अपने स्थानों फिलहाल कोरोना से मुक्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सुरेश सेमवाल ने बताया गंगोत्री धाम में अभी तक एक भी दुकान नहीं खुली है। सभी दुकानें बंद हैं। धाम में पूरी तरह से सन्नाटा है।
वहीं यमुनोत्री मंदिर समिति में सचिव कीर्तेश्वर उनियाल कहते हैं कि यमुनोत्री धाम में दो तीर्थ पुरोहित ने विधिविधान से पूजा अर्चना की। इसके साथ ही मां यमुना से प्रार्थना की गई की जल्द से जल्द कोरोना महामारी से भारत समेत पूरे विश्व को मुक्ति मिले। यह प्रक्रिया नियमित जारी रहेगी। लेकिन, श्रद्धालुओं के लिए मंदिर लॉकडाउन तक पूरी तरह से बंद है।