नई कार्यकारिणी के गठन में देवली प्रदेश अध्यक्ष और एमएल जोशी चुने गए महामंत्री
राजपत्रित फार्मेसी अधिकारी एसोसिएशन के द्वितीय सत्र में नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। एचसी देवली प्रदेश अध्यक्ष व एमएल जोशी प्रदेश महामंत्री चुने गए हैं।
देहरादून, जेएनएन। राजपत्रित फार्मेसी अधिकारी एसोसिएशन की रविवार को कोरोनेशन अस्पताल में बैठक हुई। जिसमें लंबित मांगों पर विचार-विमर्श किया गया। द्वितीय सत्र में नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। एचसी देवली प्रदेश अध्यक्ष व एमएल जोशी प्रदेश महामंत्री चुने गए हैं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजपत्रित फार्मेसी अधिकारियों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। उनकी ड्यूटी लिस्ट जारी होने के बावजूद उनसे उसके अनुरूप कार्य नहीं लिया जा रहा है। वक्ताओं ने इस बात पर भी विरोध प्रकट किया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपने संवर्ग के अधिकारियों के लिए अलग-अलग मानक रखते हैं। फार्मेसिस्ट संवर्ग के क्लास-1 व क्लास-2 के लिए पक्षपातपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष परिस्थिति को छोड़कर फार्मेसी संवर्ग से सामान्य कार्य न लिया जाए। बैठक में मांग की गई कि डीपीसी अतिशीघ्र कराई जाए। उप निदेशक फार्मेसी को गाड़ी एवं अन्य सुविधाएं भी जल्द मुहैया कराने की मांग की गई। यह भी मांग की गई कि चीफ फार्मेसिस्ट से रात्रि ड्यूटी न कराई जाए। यह तय किया गया कि उक्त मांगों को लेकर जल्द एक प्रतिनिधिमंडल स्वास्थ्य महानिदेशक से मुलाकात करेगा।
यह भी पढ़ें: जनवरी में हो सकते हैं राजकीय शिक्षक संघ के चुनाव, पढ़िए पूरी खबर
द्वितीय सत्र में चुनाव अधिकारी, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर प्रहलाद सिंह की देखरेख में नई कार्यकारिणी चुनी गई। जिसमें ठाकुर प्रहलाद सिंह संस्थापक अध्यक्ष व पूर्व अध्यक्ष पीसी सेमवाल संरक्षक बनाए गए हैं। शेखर चंद्र पपनै प्रमुख महामंत्री, गोपाल राम भट्ट वरिष्ठ उपाध्यक्ष, वीके डंगवाल कोषाध्यक्ष व वीएम डोभाल सम्प्रेक्षक बने। बैठक में एमसी रमोला, ओपी मौर्य, एचसी कुकरेती, नरेश कोठियाल, डीपी गोदियाल, सीएम भट्ट आदि उपस्थित रहे।